Wednesday, 15 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

बिहार में बदला इस एयरपोर्ट का नाम, कैबिनेट की मंजूरी, 3 जिलों में भी बनेगा नया हवाई अड्डा

INT News15 July 2026 at 07:43 pm

Bihar Cabinet: बिहार सरकार ने भागलपुर में बनने वाले नए हवाई अड्डे को लेकर बड़ा फैसला लिया है. नागरिक उड्डयन विभाग के इस प्रोजेक्ट को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है. नए एयरपोर्ट का नाम अब अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा होगा. इस एयरपोर्ट को बनाने के लिए भागलपुर और मुंगेर जिलों में कुल 3145.2308 एकड़ जमीन खरीदी जाएगी.

सरकार ने इस जमीन के अधिग्रहण के लिए 13295870089 रुपये की राशि मंजूर की है. इसमें से भागलपुर जिला के 1425.1148 एकड़ के लिए 5561185728 और मुंगेर जिला के 1720.1160 एकड़ के लिए 7734684361 का मुआवजा तय किया गया है.

एयरपोर्ट के पास बसेगी एयरोसिटी, युवाओं को मिलेंगे बंपर रोजगार

इस पूरे प्रोजेक्ट के तहत कुल जमीन में से करीब 1025 एकड़ जमीन पर एक हाईटेक एयरोसिटी और एयरसाइड डेवलपमेंट का काम किया जाएगा. इस चमचमाती एयरोसिटी में विमानन आधारित उद्योग, सामान रखने के लिए लॉजिस्टिक्स हब, बड़े वेयरहाउसिंग, शानदार होटल, कन्वेंशन सेंटर, दुकानें, दफ्तर, घर और हवाई जहाजों की मरम्मत के लिए एमआरओ जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी.

इसके अलावा युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए एक स्किल डेवलपमेंट इंस्टिट्यूट भी खोला जाएगा. इस कदम से भागलपुर और मुंगेर के हजारों लोगों के लिए डायरेक्ट और इनडायरेक्ट रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे.

बिहार के सिल्क कारोबार और धार्मिक पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार

नया हवाई अड्डा सिर्फ यात्रा का जरिया नहीं होगा बल्कि यह बिहार के विकास का एक नया इंजन साबित होने वाला है. इससे भागलपुर के मशहूर सिल्क, कृषि उत्पादों और बाकी लोकल सामानों को सीधे देश और दुनिया के बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान हो जाएगा.

इसके अलावा अजगैबीनाथ धाम सीधे तौर पर हवाई नेटवर्क से जुड़ जाएगा. इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बहुत सुविधा होगी. संकट के समय में यह एयरपोर्ट आपदा प्रबंधन और मेडिकल इमरजेंसी के दौरान लोगों की जान बचाने के लिए तुरंत मदद पहुंचाने में भी बेहद मददगार साबित होगा.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

राजगीर, रोहतास और कैमूर में भी हवाई अड्डे की तैयारी

भागलपुर के अलावा बिहार सरकार पर्यटन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण तीन और क्षेत्रों में नए ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे बनाने पर काम कर रही है. इसके तहत राजगीर, रोहतास और कैमूर क्षेत्र को चुना गया है.

इन तीनों जगहों पर हवाई अड्डा बनाने की संभावनाओं को परखने के लिए बिहार सरकार और केंद्र की एजेंसी भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) को मंजूरी दी गई है.

इस स्टडी के जरिए दोनों पक्ष अपनी-अपनी जिम्मेदारियां तय करेंगे और तकनीकी व भौगोलिक जानकारी समय पर साझा करेंगे ताकि एयरपोर्ट बनाने का काम जल्द से जल्द शुरू किया जा सके. इससे स्थानीय निवासियों को हवाई सफर के साथ-साथ आर्थिक तरक्की के नए मौके मिलेंगे.

इसे भी पढ़ें: एयरपोर्ट, AI सेंटर, पुलिस दीदी... बिहार कैबिनेट के 25 बड़े फैसले जानिए