Thursday, 29 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

AUS vs SA Test: मार्नस लाबुशेन के आउट होते ही मैथ्यू ब्रीट्जके ने अनोखे अंदाज में मनाया जश्न, Video देख रह जाएंगे दंग

INT News29 October 2026 at 06:10 am

Matthew Breetzke Celebration Video: क्रिकेट के मैदान पर खिलाड़ियों के बीच मुकाबला सिर्फ बल्ले और गेंद तक सीमित नहीं रहता. कई बार विकेट लेने के बाद मनाया गया जश्न भी चर्चा का विषय बन जाता है. ऐसा ही कुछ दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे टेस्ट में देखने को मिला. ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन के आउट होते ही दक्षिण अफ्रीका के मैथ्यू ब्रीट्जके ने पिच पर कंगारू जैसी छलांग लगाकर जश्न मनाया. उनका यह अनोखा अंदाज कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

लाबुशेन का विकेट गिरते ही ब्रीट्जके का अनोखा जश्न

तीसरे टेस्ट में मार्नस लाबुशेन की पारी महज पांच गेंदों तक चली. दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर साइमन हार्मर की गेंद पर वह ऑफ स्टंप के बाहर शॉट खेलने के प्रयास में स्लिप में कैच दे बैठे. एडेन मार्करम ने उनका कैच लपककर ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका दिया. लाबुशेन बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए.

हालांकि, इस विकेट के बाद मैथ्यू ब्रीट्जके के जश्न ने सबका ध्यान खींच लिया. उन्होंने पिच पर एक के बाद एक कई ऊंची छलांग लगाईं. इस दौरान वह लाबुशेन की तरफ देखते भी नजर आए. उनका यह अंदाज इतना अलग था कि सोशल मीडिया पर लोग उनके इस सेलिब्रेशन स्टाइल के दीवाने हो गए. कई फैंस ने लिखा कि उन्होंने आज तक टेस्ट हिस्टी में विकेट गिरने के बाद इस तर​ह का सेलिब्रेशन नहीं देखा है.

ये भी पढ़ें: Video: साउथ अफ्रीकी फैंस ने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को चिढ़ाया, लियोन से पूछा- सैंडपेपर चाहिए क्या?

क्या पुराने विवाद का जवाब था ब्रीट्जके का जश्न?

ब्रीट्जके के इस अंदाज के पीछे एक पुरानी घटना को भी वजह माना जा रहा है. पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर साइमन कैटिच ने उनके जश्न को 'रिटर्न सर्व' यानी पहले हुई किसी हरकत का जवाब देने जैसा बताया.

कैटिच ने उस घटना की ओर इशारा किया, जब लाबुशेन ने कूपर कॉनॉली की गेंद पर ब्रीट्जके के आउट होने के बाद पहली स्लिप में जश्न मनाया था. ऐसे में माना जा रहा है कि ब्रीट्जके ने लाबुशेन का विकेट गिरने के बाद उसी घटना का जवाब अपने अंदाज में दिया. हालांकि, ब्रीट्जके ने अपने जश्न के पीछे की वजह को लेकर कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया.

ये भी पढ़ें: AUS vs SA: 185/4 पर लड़खड़ा रहा था ऑस्ट्रेलिया, फिर इंग्लिस-कैरी ने 145 रन की साझेदारी कर टीम को दिलाई बढ़त

सोशल मीडिया पर छा गया वीडियो

ब्रीट्जके के जश्न का वीडियो एक्स (पहले ट्विटर) और थ्रेड्स पर तेजी से फैल गया. प्रशंसकों ने उनकी छलांगों को लेकर तरह-तरह के मजेदार कमेंट किए. किसी ने उनके अंदाज की तुलना कंगारू से की, तो किसी ने इसे सुपरहीरो जैसी प्रतिक्रिया बताया. कुछ प्रशंसकों ने दोनों देशों के खिलाड़ियों के बीच दिख रही प्रतिद्वंद्विता का भी आनंद लिया.

सीरीज के निर्णायक मुकाबले में हर विकेट अहम

दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा और अंतिम टेस्ट केपटाउन में खेला जा रहा था. सीरीज 1-1 से बराबर थी, इसलिए इस मुकाबले का महत्व काफी बढ़ गया था.

दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी शुरुआती दिन 329 रन पर सिमट गई. एडेन मार्करम ने 78 रन बनाए, जबकि मार्कस एकरमैन 95 रन बनाकर आउट हुए. डेविड बेडिंगहम ने 50 और मार्को यानसन ने 52 रन का योगदान दिया. ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल स्टार्क सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 72 रन देकर छह विकेट झटके.

ये भी पढ़ें: महज 28 साल की उम्र में इस आयरिश क्रिकेटर ने लिया संन्यास, देश के लिए 3 टी20 वर्ल्ड कप में किया प्रतिनिधित्व