sports
Matthew Hayden: समंदर में पलटी नाव, 1 घंटे तक तैरकर बचाई जान; फ्रैक्चर के बावजूद क्रिकेट खेलकर ऑस्ट्रेलिया को जिताया वर्ल्ड कप

Matthew Hayden 55th Birthday: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मैथ्यू हेडन अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए दुनिया भर में मशहूर रहे. एडम गिलक्रिस्ट के साथ मिलकर वह विपक्षी गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते थे. 29 अक्टूबर 1971 को क्वींसलैंड में जन्मे हेडन आज अपना 55वां जन्मदिन मना रहे हैं. उनका इंटरनेशनल करियर करीब 13 साल तक चला, जिसमें उन्होंने कई यादगार पारियां खेलीं और ऑस्ट्रेलिया को विश्व क्रिकेट की सबसे मजबूत टीमों में बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई. हालांकि, मैदान पर गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने वाले इस बल्लेबाज की जिंदगी में ऐसे भी मौके आए, जब उन्हें अपनी जान बचाने के लिए बीच समुद्र में करीब एक घंटे तक तैरना पड़ा था.
मछली पकड़ने के शौक ने डाल दी थी जान जोखिम में
मैथ्यू हेडन को क्रिकेट के अलावा मछली पकड़ने का भी काफी शौक था. साल 1999 में वह अपने साथी क्रिकेटर एंड्रयू साइमंड्स के साथ ऑस्ट्रेलिया के नॉर्थ स्ट्रैडब्रोक आइलैंड के पास नाव से समुद्र में मछली पकड़ने गए थे. इसी दौरान उनकी नाव पलट गई और दोनों खिलाड़ी मुश्किल में फंस गए. समुद्र की तेज लहरों और खराब परिस्थितियों के बीच दोनों को अपनी जान बचाने के लिए तैरना पड़ा. हेडन और साइमंड्स ने करीब एक किलोमीटरकी दूरी एक घंटे तक तैरकर सुरक्षित समुद्र के किनारे पहुंचे.
ये भी पढ़ें: Kumar Sangakkara: वकील बनना चाहते थे, क्रिकेटर बनकर सचिन-लारा के रिकॉर्ड को दी टक्कर; बचपन के प्यार को बनाया हमसफर
भारत दौरे ने बदली हेडन की किस्मत
मैथ्यू हेडन ने 1991 में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था. उन्होंने अपने पहले ही फर्स्ट क्लास मुकाबले में 149 रन की पारी खेलकर प्रतिभा का परिचय दिया. हालांकि, 1994 में टेस्ट डेब्यू के बाद उनका शुरुआती करियर उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. टीम में जगह पक्की करने के लिए उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ा.
फिर आया साल 2001, जिसने उनके करियर की दिशा बदल दी. ऑस्ट्रेलिया की टीम भारत दौरे पर आई थी. स्टीव वॉ की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम लगातार जीत दर्ज कर रही थी, लेकिन भारत ने टेस्ट सीरीज 2-1 से जीतकर उसका विजय अभियान रोक दिया. इस सीरीज में हेडन ने शानदार बल्लेबाजी की और तीन टेस्ट मैचों में 549 रन बनाए.
ये भी पढ़ें: Lala Amarnath Birthday: स्वतंत्र भारत के पहले टेस्ट कप्तान थे अमरनाथ, पहला शतक जड़ते ही महिलाओं ने फेंक दिए थे मंगलसूत्र
टेस्ट में 380 रन ठोककर रचा इतिहास
साल 2003 मैथ्यू हेडन के करियर का सबसे यादगार दौर रहा. जिम्बाब्वे के खिलाफ पर्थ टेस्ट में उन्होंने 380 रन की ऐतिहासिक पारी खेली और उस समय टेस्ट क्रिकेट में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. बाद में वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा ने 400 रन बनाकर उनका यह रिकॉर्ड तोड़ दिया.
हेडन ने टेस्ट क्रिकेट में कुल 30 शतक और दो दोहरे शतक लगाए. उनकी बल्लेबाजी में ताकत, आक्रामकता और लंबी पारियां खेलने की क्षमता का शानदार मेल देखने को मिलता था. वह तेज गेंदबाजों के खिलाफ भी खुलकर शॉट खेलते थे और स्पिनरों पर दबाव बनाने में माहिर थे.
ये भी पढ़ें: पिता थे मजदूर, चाहते थे बेटा बने पुलिसकर्मी; मगर उमेश यादव बन गए भारत के स्टार तेज गेंदबाज
फ्रैक्चर के बावजूद खेला वर्ल्ड कप, ऑस्ट्रेलिया बनी चैंपियन
मैथ्यू हेडन के करियर का एक और यादगार अध्याय 2007 का वनडे वर्ल्ड कप रहा. इस टूर्नामेंट में उन्होंने बल्ले से जमकर रन बरसाए और 73.22 की औसत से 659 रन बनाए. उनकी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने लगातार तीसरी बार वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया. यह टीम का कुल चौथा वनडे विश्व कप खिताब था.
बाद में सामने आया कि हेडन टूर्नामेंट के दौरान चोटों से जूझ रहे थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह फ्रैक्चर टखने और पैर की दूसरी हड्डी में चोट के बावजूद मैदान पर उतरे थे. इसके बाद भी उन्होंने अपने प्रदर्शन में कमी नहीं आने दी और ऑस्ट्रेलिया की खिताबी जीत में अहम योगदान दिया.
इंटरनेशनल क्रिकेट में बनाए 14 हजार से ज्यादा रन
मैथ्यू हेडन ने अपने इंटरनेशनल करियर में 274 मुकाबले खेले. इनमें 103 टेस्ट, 161 वनडे और 9 टी20 इंटरनेशनल मैच शामिल थे. टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 8625 रन बनाए, जिसमें 30 शतक और 29 अर्धशतक शामिल रहे. वनडे में उनके नाम 6133 रन दर्ज हैं. इस फॉर्मेट में उन्होंने 10 शतक और 36 अर्धशतक लगाए. वहीं, टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने 308 रन बनाए.
हेडन ने आईपीएल में भी अपनी छाप छोड़ी. वह चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रहे और 2009 में ऑरेंज कैप जीतने में सफल रहे. इसके बाद 2010 में चेन्नई ने आईपीएल का खिताब भी अपने नाम किया.
ये भी पढ़ें: ICC T20I Rankings: अभिषेक शर्मा बने टी-20 के नंबर-1 बल्लेबाज, ईशान किशन तीसरे पर खिसके, देखें पूरी लिस्ट