Friday, 14 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोरों से दवाओं के सैंपल लिए

INT News14 August 2026 at 05:55 am

भास्कर संवाददाता। भिंड औषधि निरीक्षक डॉ. आकांक्षा गरुड़ ने गुरुवार को मेहगांव क्षेत्र में स्थित मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेडिकल स्टोरों से चार दवाओं के सैंपल लिए। उन्हें जांच के लिए भोपाल स्थित औषधि प्रयोगशाला में भेजा। इधर, निरीक्षण की भनक लगते ही चौधरी मेडिकल स्टोर, अनिल मेडिकल स्टोर, पवन मेडिकल स्टोर एवं बजरंग मेडिकल स्टोर के संचालक अपनी दुकानें बंद कर भाग निकले। इस पर डॉ. आकांक्षा गरुड़ ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। औषधि निरीक्षक गरुड़ ने मुकेश मेडिकल स्टोर, महाकाल मेडिकल स्टोर, राठौर मेडिकल स्टोर, प्रेम मेडिकल स्टोर, जादौन मेडिकल स्टोर, रवि मेडिकल स्टोर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उचित स्थान पर लाइसेंस का प्रदर्शन, दुकानों पर फार्मासिस्ट की उपलब्धता, दुकानों की साफ-सफाई, एक्सपायरी दवाओं के लिए उचित व्यवस्था, बिना पंजीकृत चिकित्सक के पर्चे के शेड्यूल औषधियों का विक्रय न किए जाने, औषधियों के क्रय-विक्रय अभिलेख का संधारण नियमानुसार रखने के संबंध में मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्देश दिए।