national · उत्तर प्रदेश
ग्रेटर नोएडा में डिलीवरी बॉय की जांच पर बवाल, महिला और सुरक्षा गार्डों में तीखी बहस; वीडियो वायरल

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित आम्रपाली सेंचुरियन पार्क टेरेस होम्स सोसायटी में डिलीवरी बॉय के वेरिफिकेशन को लेकर महिला और सुरक्षा गार्डों के बीच विवाद का मामला सामने आया है. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, सुरक्षा गार्डों ने महिला पर अभद्रता, गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाया है. पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
डिलीवरी बॉय को वेरिफिकेशन के लिए रोका
वायरल वीडियो के मुताबिक, थाना बिसरख क्षेत्र की इस सोसायटी में महिला ने ऑनलाइन सैनिटरी पैड और खाने-पीने का सामान मंगाया था. डिलीवरी बॉय सामान लेकर सोसायटी पहुंचा, जहां सुरक्षा गार्डों ने सोसायटी के नियमों के तहत उसकी पहचान और एंट्री की जांच के लिए उसे रोक लिया.
आरोप है कि डिलीवरी बॉय को रोके जाने से महिला नाराज हो गई और वह मौके पर पहुंचकर सुरक्षा गार्डों से बहस करने लगी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई.
गार्डों ने लगाए अभद्रता और मारपीट के आरोप
सुरक्षा गार्डों का आरोप है कि बहस के दौरान महिला ने उनके साथ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया और कथित तौर पर जातिसूचक शब्द भी कहे। गार्डों ने महिला पर एक सुरक्षा कर्मी को थप्पड़ मारने और कुर्सी पर बैठे दूसरे गार्ड को लात मारने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया है.
घटना के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे विवाद का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में नजर आई तीखी बहस
वायरल वीडियो में महिला और सुरक्षा गार्डों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है. वीडियो में महिला द्वारा गार्डों के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी किए जाने का दावा किया जा रहा है. हालांकि, वीडियो और दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की पूरी सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
शराब पीने के दावे की पुष्टि नहीं
घटना के बाद सोशल मीडिया पर यह दावा भी किया जा रहा है कि महिला ने शराब पी रखी थी. हालांकि, पुलिस की ओर से फिलहाल इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. ऐसे में इस दावे को फिलहाल तथ्य के तौर पर नहीं माना जा सकता.
पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही विवाद की वास्तविक स्थिति तथा आरोपों की पुष्टि हो सकेगी.
ये भी पढ़ें: Raksha Bandhan: रक्षाबंधन से पहले मिलावटी मावा और पनीर की पहचान कैसे करें? जानें आसान तरीके और सुरक्षा उपाय