समाचार · मध्य प्रदेश
ग्वालियर में 'हाइ-फ्लाइंग' ड्रग्स का भंडाफोड़:₹7 लाख किलो वाला OG गांजा लेकर ग्वालियर आता था एयर पैसेंजर, दिल्ली से दबोचा सप्लायर
ग्वालियर की पड़ाव थाना पुलिस ने हवाई जहाज से ‘OG गांजा’ की सप्लाई करने वाले एक अंतरराज्यीय रैकेट का पर्दाफाश किया है। लोकल तस्कर सूरज श्रीवास्तव से मिले सुराग के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम ने दिल्ली के पालम इलाके में दो दिनों तक घेराबंदी कर मुख्य सप्लायर प्रिंस उर्फ आर्यन जायसवाल को दबोच लिया। पकड़ाया आरोपी नई दिल्ली के उत्तमनगर वेस्ट का रहने वाला है। वह मूलतः यूपी के संत कबीर नगर का निवासी है। पुलिस से बचने के लिए यह गिरोह ट्रेनों या बसों के बजाय सीधे फ्लाइट से गांजे की खेप एक शहर से दूसरे शहर पहुंचाता था। खंडहर से शुरू हुई कार्रवाई, पालम में खत्म कार्रवाई की शुरुआत 8 अगस्त को हुई थी, जब पड़ाव पुलिस ने कोषालय के पास खंडहर से लोकल तस्कर सूरज को 2 किलो 800 ग्राम गांजे के साथ पकड़ा था। टीआई शैलेंद्र भार्गव और एसआई दिनेश सिंह तोमर की पूछताछ में सूरज ने दिल्ली वाले तस्कर प्रिंस का नाम उगला था। इसके बाद एसआई दिनेश तोमर, प्रधान आरक्षक श्रुति श्रीवास्तव, आरक्षक आकाश, अंकित और अभिषेक की टीम को दिल्ली भेजा गया। 48 घंटे के ऑपरेशन के बाद आरोपी प्रिंस को पालम से गिरफ्तार कर ग्वालियर लाया गया। दिल्ली के 5 और तस्कर अंडरग्राउंड, तलाश जारी पूछताछ में प्रिंस ने खुलासा किया है कि दिल्ली में उसके गिरोह के 5 और सदस्य एक्टिव हैं, जो देश के अलग-अलग हिस्सों में सिर्फ OG गांजे की ही सप्लाई करते हैं। प्रिंस की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही उसके बाकी साथी भूमिगत हो गए हैं। इस मामले में जानकारी देते हुए ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव ने बताया कि OG गांजे की सप्लाई करने वाले दिल्ली के एक तस्कर को पालम से गिरफ्तार किया है। यह ग्वालियर के लोकल सप्लायर को माल देता था। रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है, जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्य भी सलाखों के पीछे होंगे।