Friday, 21 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मंदसौर में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन:जंतर-मंतर पर घायल छात्र के समर्थन में उतरे, दिल्ली में FIR के बाद विरोध खत्म

INT News21 August 2026 at 09:53 pm

मंदसौर जिला कांग्रेस ने शुक्रवार देर शाम दिल्ली में पैलेट गन से घायल छात्र साहिल लोचाब के समर्थन में प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता गांधी चौराहे पर जुटे। उन्होंने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही छात्र को न्याय दिलाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। 19 वर्षीय साहिल लोचाब 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पैलेट गन से घायल हुआ था। कांग्रेस का आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पैलेट गन का इस्तेमाल किया। पार्टी मामले में जिम्मेदारी तय करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है। राहुल गांधी घायल छात्र को लेकर थाने पहुंचे कांग्रेस के अनुसार, साहिल ने 14 अगस्त को पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। आरोप है कि उसे शिकायत की पावती या जांच अधिकारी की जानकारी नहीं दी गई। इसके बाद 17 अगस्त को भी ईमेल और फोन के जरिए पुलिस से संपर्क किया गया, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार को कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी घायल छात्र साहिल और उसकी मां के साथ दिल्ली के संसद मार्ग पुलिस थाने पहुंचे। कांग्रेस का आरोप था कि पुलिस शिकायत के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं कर रही थी। राहुल गांधी ने एफआईआर दर्ज होने तक थाने के बाहर धरने पर बैठने की बात कही थी। करीब 6 घंटे के धरने के बाद दिल्ली पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया गया। कांग्रेस नेता बोले- छात्र के हक की लड़ाई कांग्रेस नेता सोमिल नाहटा ने कहा कि छात्र अपने हक और अधिकार के लिए प्रदर्शन कर रहे थे। वे NEET पेपर लीक सहित कई मुद्दों पर जवाबदेही की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण था। इसके बावजूद कथित तौर पर पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया। नाहटा ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस केंद्र सरकार के अधीन आती है, लेकिन मामले में जवाबदेही तय नहीं की गई। उन्होंने कहा कि पहले पैलेट गन चलाए जाने से इनकार किया गया था, जबकि घायल छात्र के शरीर में अभी भी पैलेट के कुछ अंश मौजूद हैं। उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की और कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस छात्र के साथ खड़ी है। प्रदर्शन में विधायक विपिन जैन, जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर, सोमिल नाहटा, दीपक सिंह गुर्जर, मनजीत सिंह मनी, इष्टा भाचावत, राखी सत्रावाला, राजेश रघुवंशी, मनोहर नाहटा, माजिद चौधरी और यूनिस मेव सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। दिल्ली में साहिल की शिकायत पर एफआईआर दर्ज किए जाने की जानकारी मिलने के बाद मंदसौर में कांग्रेस का प्रदर्शन समाप्त हो गया।