समाचार · मध्य प्रदेश
अनूपपुर में जमीन विवाद पर दो पक्षों में मारपीट:वीडियो सामने आने के बाद 6 लोगों पर केस, जुताई करने पर झगड़ा हुआ था
अनूपपुर जिले के पसला गांव में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट हुआ है। यह पूरी घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष की शिकायत के बाद शनिवार को कोतवाली पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद जैन ने बताया कि पसला गांव के रहने वाले 55 वर्षीय भारत लाल राठौर ने इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी भारत लाल के मुताबिक, पिछले साल उन्होंने खसरा नंबर 9008/2/2 की 27 डिसमिल जमीन हीरालाल राठौर नाम के व्यक्ति से बदली (एक्सचेंज) की थी और उस पर अपनी धान की फसल बोई थी। विरोध करने पर डंडे और फावड़े से बोल दिया हमला भारत लाल ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे गांव का ही पोषण राठौर उनके इसी खेत में बैल-हल लेकर पहुंच गया और जुताई करने लगा। जब भारत लाल ने उसे रोकने की कोशिश की, तो दोनों के बीच बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इसके बाद पोषण राठौर, राधा राठौर, सूर्यबली राठौर, भागवती राठौर, ललन राठौर और दिलीप राठौर ने मिलकर गाली-गलौज की और लाठी-डंडों व फावड़े से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए परिवार के लोग भी घायल इस हमले में मुख्य फरियादी भारत लाल राठौर के सिर, हाथ, पीठ और होंठ पर गंभीर चोटें आई हैं। जब उन्हें बचाने के लिए उनका बेटा कैलाश, बालगोपाल और पत्नी सुभद्रा राठौर आगे आए, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की जिससे वे भी घायल हो गए। बाद में कमला राठौर ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया। पीड़ितों का आरोप है कि भागते समय आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी भी देकर गए हैं। कोतवाली पुलिस ने भारत लाल की शिकायत पर नामजद छह आरोपियों (पोषण, राधा, सूर्यबली, भागवती, ललन और दिलीप) के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की कड़ियों को जोड़ रही है।