Tuesday, 25 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

शराब के लिए रुपए नहीं दिए, सिर पर डंडा मारा:नागौद में तीन लोगों ने मिलकर पीट दिया; मारपीट का वीडियो भी सामने आया

INT News25 August 2026 at 08:23 am

सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र के ग्राम कचलोहा में शराब के लिए दो हजार रुपए न देने पर एक किसान से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन लोगों ने किसान के सिर पर डंडे से वार कर उसे घायल कर दिया। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, ग्राम कचलोहा निवासी 47 वर्षीय सोनी कपाडिया ने अपने चचेरे भाई सन्नाम कपाडिया के साथ थाने में शिकायत दर्ज कराई। फरियादी ने बताया कि दो दिन पहले गांव के लखन कपाडिया ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे, लेकिन रुपए न देने पर वह गाली-गलौज कर चला गया था। 22 अगस्त को दोपहर करीब 12:30 बजे सोनी अपने घर के पास खड़े थे, तभी लखन कपाडिया और उनका बेटा राजकुमार कपाडिया कथित तौर पर शराब के नशे में वहां पहुंचे। उन्होंने सोनी से दो हजार रुपए मांगे। रुपये देने से मना करने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए सोनी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और उसे जमीन पर पटक दिया। डंडा मारा तो खून निकलने लगा

शोर सुनकर चचेरा भाई सन्नाम बीच-बचाव करने पहुंचा। इसी दौरान लखन का दूसरा बेटा अंकित कपाडिया डंडा लेकर आया और दोनों से मारपीट करने लगा। आरोप है कि अंकित ने सोनी के सिर पर डंडा मार दिया, जिससे खून निकलने लगा। शिवप्रसाद और विमलेश कपाडिया ने भी बीच-बचाव किया। घायल सोनी कपाडिया ने नागौद अस्पताल में अपना इलाज करवाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।