Tuesday, 6 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

पूर्व जीएम आलोक कुमार मौत मामले की जांच तेज, रांची हमले और प्रॉपर्टी कारोबार की कड़ी खंगाल रही पुलिस

INT News5 October 2026 at 10:15 pm

Alok Kumar murder: राजीव नगर की फ्रेंड्स कॉलोनी में पूर्व महाप्रबंधक आलोक कुमार (67) की गोली लगने से मौत के मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है. पुलिस अब उनकी मौत का लिंक रांची में तीन महीने पहले हुए जानलेवा हमले से जोड़कर भी जांच कर रही है. पुलिस को आशंका है कि रांची में आलोक कुमार पर हमला करने वाले बदमाशों की इस घटना में भूमिका हो सकती है. हालांकि, अभी तक इसका कोई प्रत्यक्ष प्रमाण नहीं मिला है.

रांची में तीन महीने पहले चाकू से हुआ था हमला

पुलिस के अनुसार 23 जुलाई को रांची के कांके रोड स्थित उनके घर में तीन नकाबपोश बदमाश घुस आये थे. बदमाशों ने आलोक कुमार पर चाकू से हमला किया था. उन्होंने बहादुरी से बदमाशों का सामना किया और बच गये थे. इस संबंध में गोंदा थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं होने की बात सामने आयी है.

पटना पुलिस अब रांची पुलिस से संपर्क कर इस घटना की पूरी जानकारी जुटायेगी. राजीव नगर थानेदार ओमकार नाथ राय ने बताया कि रांची पुलिस से संपर्क कर पुराने हमले से जुड़ी जानकारी ली जायेगी. इसके आधार पर पटना में हुई घटना की जांच को आगे बढ़ाया जायेगा.

कान के पीछे गोली और खुरचने के निशान से बढ़ा संदेह

आलोक कुमार अपनी बहन से मिलने राजीव नगर की फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित विद्या बिहार अपार्टमेंट पहुंचे थे. वहां से वह शनिवार की सुबह कार से सैर के लिए निकले थे. बाद में उनका शव कार से बरामद हुआ. उनके कान के पीछे गोली लगने के साथ खुरचने के निशान भी मिले थे. इन परिस्थितियों को देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जतायी.

रविवार को पटना पहुंचे उनके बेटे अनुराग प्रसाद के लिखित आवेदन पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया. आवेदन में किसी व्यक्ति विशेष पर शक नहीं जताया गया है.

रांची में प्रॉपर्टी डीलिंग से भी जुड़े थे आलोक कुमार

आलोक कुमार सीएमपीडीआई, रांची में मानव संसाधन विभाग सह सीएसआर के महाप्रबंधक पद से सेवानिवृत्त हुए थे. सेवानिवृत्ति के बाद वह कुछ साझेदारों के साथ रांची में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम कर रहे थे.

उनकी पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि इकलौता बेटा अनुराग प्रसाद मलेशिया में इंजीनियर है. मूल रूप से मोतिहारी के बलुआ राजा बाजार निवासी आलोक कुमार वर्तमान में रांची के कांके रोड स्थित इंदिरा नगर में रहते थे. पटना में रहने वाली अपनी छोटी बहन से मिलने वह अक्सर आते थे.

पुराने हमले और प्रॉपर्टी कारोबार की भी होगी जांच

पुलिस अब रांची में हुए हमले, प्रॉपर्टी कारोबार और पटना में हुई मौत के बीच किसी संभावित कड़ी की जांच कर रही है. फिलहाल रांची के पुराने हमले से पटना में हुई मौत का सीधा संबंध सामने नहीं आया है. पुलिस दोनों घटनाओं से जुड़ी जानकारी जुटाकर मामले की आगे जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें: ESIC मेडिकल कॉलेज बिहटा में 2026-27 बैच का इंडक्शन कार्यक्रम, नये विद्यार्थियों को पहनाया गया व्हाइट कोट