Friday, 21 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

पहली तनख्वाह भेजने की बात कही, फिर बंद हो गया फोन; दुबई में लापता बेटे के लिए गुरुकुल पहुंचे परिजन

INT News21 August 2026 at 09:27 pm

गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट

गुमला. दुबई में रहस्यमय तरीके से लापता 23 वर्षीय उदय गोप की सकुशल बरामदगी को लेकर अब उसके परिजनों और ग्रामीणों का सब्र जवाब दे दिया है. बेटे की तलाश में लगातार भटक रहे परिजनों ने शुक्रवार को गुमला के सिलम स्थित गुरुकुल के समीप पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया और गुरुकुल का घेराव कर दिया. प्रदर्शन के दौरान परिजन उदय को जल्द खोजने और पूरे मामले में सहयोग करने की मांग करते रहे. परिजनों का कहना था कि उदय को रोजगार के लिए दुबई भेजने की व्यवस्था गुरुकुल के माध्यम से हुई थी. विदेश जाने के बाद अब युवक के लापता होने की सूचना है. लेकिन परिवार को उसकी तलाश के संबंध में संतोषजनक जानकारी और मदद नहीं मिल रही है. इससे परिजनों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है.

बेटे की तलाश में दर-दर भटक रहा परिवार धरना के दौरान परिजन भावुक नजर आये. उनका कहना था कि परिवार ने अपने कलेजे के टुकड़े को बेहतर भविष्य की उम्मीद में विदेश भेजा था. लेकिन अब वही बेटा कहां है, इसकी जानकारी तक परिवार को नहीं मिल पा रही है. परिजनों ने कहा कि वे किसी पर आरोप लगाने से पहले सिर्फ यह जानना चाहते हैं कि उदय सुरक्षित है या नहीं और यदि वह लापता है तो उसे खोजने के लिए क्या प्रयास किए जा रहे हैं।.

प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी गुरुकुल के समीप परिजनों और ग्रामीणों के धरना-प्रदर्शन और घेराव की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे. उन्होंने प्रदर्शन कर रहे परिजनों से बातचीत की और उनकी बात सुनी. थाना प्रभारी ने परिजनों को समझाया तथा मामले में आवश्यक सहयोग और कार्रवाई का भरोसा दिलाया. कहा कि दो से तीन दिन के अंदर गुरुकुल के तीन कर्मी व परिवार के दो सदस्य को दुबई भेजा जायेगा. जहां प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी. पुलिस अधिकारी के समझाने और बातचीत के बाद परिजन शांत हुए और अपना धरना समाप्त किया.

पहली तनख्वाह भेजने की बात कहने के बाद से बंद है संपर्क गौरतलब है कि उदय गोप 17 मई को दुबई गया था. दो जुलाई की सुबह उसने अपने पिता को फोन कर पहली तनख्वाह मिलने की बात कही थी और घर पैसे भेजने के लिए बैंक खाता नंबर मांगा था. इसके कुछ समय बाद उसका मोबाइल बंद हो गया. परिवार के अनुसार, बाद में उन्हें उदय के लापता होने की जानकारी मिली. तब से परिजन उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं. अब परिवार की मांग है कि उदय की तलाश को गंभीरता से लिया जाये और संबंधित एजेंसी, कंपनी तथा प्रशासन के स्तर पर समन्वय स्थापित कर युवक का पता लगाया जाये.

ये भी पढ़ें: 100 एकड़ खेतों को मिलेगा पानी? सोलर प्लांट और लिफ्ट इरिगेशन के लिए डीएओ ने किया स्थल निरीक्षण

ये भी पढ़ें: खेती पूरी होते ही खाद की चिंता, तय कीमत से ज्यादा वसूली की शिकायत; कालाबाजारी पर निगरानी जरूरी