समाचार · हरियाणा
जींद स्वास्थ्य विभाग ने करवाई 10 बच्चों की सर्जरी:जन्मजात 9 के दिल में था छेद- एक क्लेफ्ट पैलेट; 7 लाख सहायता राशि दी
जींद स्वास्थ्य विभाग ने सितंबर माह में जन्मजात अलग-अलग बीमारियों से पीड़ित 10 बच्चों की सर्जरी करवाई है। जिनमें से 9 के दिल में था छेद-एक क्लेफ्ट पैलेट यानी तालू में कटाव की समस्या से पीड़ित था। अलग-अलग अस्पतालों में उपचार करवाया गया है। जिसके लिए विभाग ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत 7 लाख रुपए की आर्थिक सहायता मुहैया करवाई। सीएमओ डॉ. सुमन कोहली ने यह जानकारी दी। 12 टीमें कर रही स्क्रीनिंग उन्होंने बताया कि विभाग बच्चों में जन्मजात बीमारियों की समय पर पहचान और समय पर उपचार से यह संभव हो पाया। डिप्टी सीएमओ डॉ. दिनेश गुप्ता की अगुवाई में जरूरतमंद बच्चों का समय पर उपचार करवाने के लिए काम किया जा रहा है। विभाग में आरबीएसके की 12 टीमें बच्चों की स्क्रीनिंग कर रही हैं। इसका मुख्य उद्देश्य जन्म से लेकर 18 वर्ष तक की आयु के बच्चों में जन्मजात दोषों, बीमारियों, पोषण संबंधी कमियों तथा विकास में होने वाली देरी की समय रहते पहचान करना और उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध करवाना है। बच्चों की स्क्रीनिंग, बीमारी की पहचान, विशेषज्ञ चिकित्सकों के पास रेफरल तथा आवश्यक उपचार की व्यवस्था की जाती है। अलग-अलग जगह हुई सर्जरी सीएमओ डॉ. सुमन कोहली ने बताया कि सितंबर माह के दौरान जिन 10 बच्चों की सर्जरी करवाई गई, उनमें से 9 बच्चे जन्मजात हृदय रोग यानी दिल में छेद की समस्या से पीड़ित थे, जबकि एक बच्चा क्लेफ्ट पैलेट यानी तालू में जन्मजात कटाव की समस्या से ग्रस्त था। बच्चों को चिन्हित कर आवश्यक उपचार के लिए संबंधित अस्पतालों में रेफर किया गया। जहां उनकी सफलतापूर्वक सर्जरी की गई। दो बच्चों की सर्जरी पीजीआईएमएस रोहतक, दो बच्चों की नारायणा अस्पताल गुरुग्राम, दो बच्चों की फोर्टिस व तीन बच्चों की इंडस अस्पताल डेराबस्सी में करवाई गई।