समाचार · हरियाणा
पानीपत में जानलेवा हमले के दो आरोपी गिरफ्तार:पानीपत में जानलेवा हमले के दो आरोपी गिरफ्तार
पानीपत के मतलौडा थाना क्षेत्र के गांव कुराना में प्रेम विवाह करने वाले दंपती के घर की बाहरी दीवार पर गोलियां चलाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीआईए-थ्री की टीम ने दोनों को बुड़शाम चौक से पकड़ा। आरोपियों की पहचान भिवानी जिले के बड़ेसरा निवासी अमन और सागर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें आगे की जांच के लिए चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, गांव कुराना निवासी सुरेंद्र पुत्र रामफल ने उरलाना चौकी में शिकायत देकर बताया था कि उसने छह साल पहले परिवार की सहमति के बिना 9 सितंबर 2019 को स्वीटी से प्रेम विवाह किया था। उनकी शादी पंजीकृत है और दोनों गांव में अपने घर पर रह रहे थे। शिकायतकर्ता ने बताया कि पिछले साल गांव में अलग-अलग समुदायों की कुछ लड़कियों के दूसरे समुदाय के युवकों से विवाह करने के बाद कुछ लोगों ने इस बात को लेकर रंजिश रखनी शुरू कर दी थी। व्हाट्सएप ग्रुप में भेजे गए थे धमकी भरे ऑडियो सुरेंद्र ने शिकायत में आरोप लगाया था कि गांव के युवा एकता मंच कुराना और युवा मंच कुराना नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में ऑडियो क्लिप भेजकर उसके प्रेम विवाह का जिक्र किया गया। इन ऑडियो में उसके दूसरे समुदाय की लड़की से शादी करके गांव में रहने पर आपत्ति जताई गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसने पता किया तो एक ऑडियो विक्की निवासी कुराना का मिला। आरोप था कि विक्की अवैध तरीके से अमेरिका गया हुआ है और उसने दोनों व्हाट्सएप ग्रुप में धमकी भरे ऑडियो भेजे थे। रात दो बजे घर की दीवार पर चलाईं दो गोलियां शिकायत के मुताबिक, 13 अक्तूबर 2025 की रात करीब दो बजे अज्ञात व्यक्तियों ने उनके घर के बाहर बनी बैठक की दीवार पर दो गोलियां चलाईं। रात के समय परिवार को लगा कि दिवाली के कारण किसी ने पटाखा या बम चलाया होगा। सुबह करीब आठ बजे सुरेंद्र ने बाहर जाकर देखा तो बैठक की दीवार के ऊपरी हिस्से में गोलियों के दो निशान मिले। दीवार के नीचे दो खाली कारतूस भी पड़े हुए थे। जान के मारने के इरादे से चलाई थी गोली शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि गोलियां उन्हें जान से मारने के इरादे से चलाई गई थीं। उसने मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी। इसके बाद मतलौडा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने शुरू की कार्रवाई अब सीआईए-थ्री की टीम ने इस मामले में अमन और सागर को गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में उनकी भूमिका, गोली चलाने में इस्तेमाल हथियार और अन्य संभावित संलिप्त लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।