समाचार · मध्य प्रदेश
सहराई में घरों के बाड़े से गांजे के पौधे जब्त:पुलिस को देख आरोपी जंगल भागे, 39 पौधे मिले; दो पर केस दर्ज
अशोकनगर के सहराई थाना क्षेत्र के बमौरीटांका गांव में पुलिस ने दो घरों के बाड़ों से गांजे के 39 हरे पौधे जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, पौधों का कुल वजन करीब 11 किलो 250 ग्राम और अनुमानित कीमत 12 हजार रुपए है। मामले में मुकेश यादव और लोकपाल यादव के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/20 के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, बमौरीटांका गांव में घरों के बाड़ों में अवैध रूप से गांजे की खेती किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद थाना प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेश दांगी के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव पहुंची। पुलिस का कहना है कि टीम को देखकर मौके पर मौजूद लोग जंगल की ओर भाग गए। इसके बाद पुलिस ने मुकेश पुत्र वीर सिंह यादव और लोकपाल पुत्र भवानी सिंह यादव के घरों के बाड़ों की जांच की। दोनों जगहों से कुल 39 हरे पौधे बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया। NDPS एक्ट के तहत अलग-अलग केस दर्ज पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/20 के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश और एसडीओपी मुंगावली ओमप्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस टीम में थाना प्रभारी धर्मेश दांगी सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।