समाचार · मध्य प्रदेश
इंदरगढ़ में घर और कार से अवैध पटाखे जब्त:कीमत ₹60 हजार, बिना लाइसेंस रखे हुए थे; 3 आरोपी गिरफ्तार
दतिया जिले के इंदरगढ़ में पुलिस ने दो अलग-अलग जगह कार्रवाई कर करीब 60 हजार रुपए के पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक व्यक्ति के घर से करीब 20 हजार रुपए और एक बलेनो कार से करीब 40 हजार रुपए के पटाखे मिले। पुलिस ने कार भी जब्त कर ली है। यह कार्रवाई शुक्रवार को की गई। घर में रखे थे 20 हजार रुपए के पटाखे टीआई गौरव शर्मा के मुताबिक, पहली कार्रवाई मेहराम बाबा के पास रहने वाले मुबारक खान (34) के घर पर की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि दीपावली पर बेचने के लिए घर में पटाखे जमा किए गए हैं। टीम मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति पटाखों के कार्टून छिपाने की कोशिश कर रहा था। पूछताछ में उसकी पहचान मुबारक खान के रूप में हुई। पटाखों के भंडारण का लाइसेंस नहीं मिलने पर पुलिस ने करीब 20 हजार रुपए के पटाखे जब्त कर लिए। बलेनो कार की डिग्गी में मिले पटाखे दूसरी कार्रवाई नेतुआपुरा में नर्सरी के पास की गई। पुलिस को वहां खड़ी बलेनो कार में पटाखे रखे होने की सूचना मिली थी। कार में सवार सौरभ साहू (22), निवासी भांडेर रोड, इंदरगढ़ और अतुल तोमर उर्फ सत्यम (21), निवासी ग्राम देलुआ से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट और डिग्गी में पटाखे मिले। लाइसेंस नहीं मिलने पर पुलिस ने करीब 40 हजार रुपए के पटाखे और कार जब्त कर ली। विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9ख के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों जगहों से जब्त पटाखों की कुल अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई गई है।