Monday, 17 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

बेमेतरा में शिक्षकों का धरना,DEO कार्यालय का घेराव:TET साल में 2 बार कराने और सेवा सुरक्षा की मांग,पदोन्नति के बाद भी नहीं हुई पदस्थापना

INT News17 August 2026 at 09:26 pm

बेमेतरा जिला मुख्यालय में सोमवार को सेवारत सहायक शिक्षकों और अन्य शिक्षक संगठनों ने सेवा सुरक्षा, TET और पदोन्नति से जुड़े मुद्दों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। जयस्तंभ चौक के पास तहसील कार्यालय के सामने धरने के बाद शिक्षक रैली निकालकर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय पहुंचे। यहां शिक्षकों ने कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। साल में 2 बार TET कराने की मांग प्रदर्शनकारी शिक्षकों ने शिक्षा सचिव के नाम DEO को ज्ञापन सौंपा। इसमें साल में कम से कम दो बार शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) आयोजित कराने की मांग की गई। शिक्षकों का कहना है कि सेवारत शिक्षकों को परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए। उन्होंने 1 सितंबर 2028 तक TET उत्तीर्ण करने का अवसर देने की भी मांग रखी। 2011 से पहले नियुक्त शिक्षकों को TET से राहत शिक्षक संगठनों ने वर्ष 2011 से पहले सेवा भर्ती नियमों के तहत नियुक्त शिक्षकों को TET से पूर्णतः राहत देने की मांग की। उनका कहना है कि वर्षों से शासकीय स्कूलों में सेवाएं दे रहे शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और पदोन्नति प्रक्रिया में उनकी वरिष्ठता का ध्यान रखा जाए। वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति की मांग शिक्षकों ने वरिष्ठता सूची के आधार पर पदोन्नति देने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही पदोन्नति के बाद पदस्थापना नहीं होने के मामलों का जल्द निराकरण करने की मांग की गई। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के रविन राठौर ने बताया कि बेमेतरा जिले के करीब 25 सहायक शिक्षकों को छह महीने पहले पदोन्नति दी गई थी, लेकिन अब तक उनकी पदस्थापना नहीं हुई है। काउंसलिंग नहीं होने से दोबारा आंदोलन शिक्षकों ने बताया कि अपनी मांगों को लेकर पहले भी अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन काउंसलिंग नहीं होने के कारण उन्हें दोबारा आंदोलन करना पड़ा। उन्होंने जल्द काउंसलिंग कराने और पदोन्नति से जुड़े मामलों का निराकरण करने की मांग की। DEO कार्यालय के बाहर सड़क पर बैठकर की नारेबाजी धरने के बाद बड़ी संख्या में शिक्षक रैली के रूप में DEO कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने सड़क पर बैठकर नारेबाजी की। शिक्षकों ने सेवा सुरक्षा, TET और पदोन्नति से जुड़े मामलों में जल्द निर्णय लेने की मांग की। उन्होंने जिला प्रशासन से मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर प्रस्ताव उच्च कार्यालय को भेजने और शिक्षक हित में शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया। प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन, नवीन शिक्षक संघ और सर्व शिक्षक संघ के पदाधिकारी समेत बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए।