Tuesday, 18 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

भांजा बाहर खेल रहा था अंदर बहन का शव:छतरपुर में भाई बोला- धारदार हथियार से की हत्या, पति काम पर गया था

INT News17 August 2026 at 10:26 pm

छतरपुर शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वारदात अमलतास कॉलोनी के पास बच्चा जेल क्षेत्र में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की पहचान मालती प्रजापति के रूप में हुई है। उनके पति का नाम सुमन प्रजापति है। महिला पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। भाई ने शव देखा, पति काम पर गया हुआ था

मृतका के भाई पुष्पेंद्र प्रजापति बजरंग नगर में किराए के मकान में रहते हैं। भाई ने बताया कि जब घर पहुंचे तो उनका भांजा बाहर खेल रहा था। अंदर जाकर देखा तो उनकी बहन का शव पड़ा था। आस-पास खून था जिससे प्रतीत हुआ कि किसी धारदार हथियार से हत्या की गई है। उन्होंने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मृतका के पति सुमन कुमार निजी तौर पर पशु चिकित्सा से जुड़ा काम करते हैं। वे गांव-गांव जाकर काम करते हैं। घटना के समय वे ढिलापुर गए हुए थे। बताया गया है कि परिवार ने इसी साल दीपावली के दौरान नए मकान में गृह प्रवेश किया था। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया घटना की गंभीरता को देखते हुए छतरपुर एसपी रजत सकलेचा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। पुलिस ने वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। फिलहाल हत्या की वजह और आरोपी के बारे में पुलिस अभी जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सिविल लाइन थाना टीआई के अनुसार, एफएसएल टीम की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की वजह और आरोपी के बारे में स्थिति स्पष्ट होगी।