Thursday, 24 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

अनिल यादव को गोली लगने पर अस्पताल पहुंचे प्रशांत किशोर, बोले- ‘भगवान से प्रार्थना है कि वे ठीक हो जाएं’

INT News23 September 2026 at 10:36 pm

Prashant Kishor : राजधानी पटना में पूर्व वार्ड पार्षद के पति अनिल कुमार यादव को गोली मारे जाने की घटना के बाद जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने अनिल यादव के स्वास्थ्य की जानकारी ली और घटना पर चिंता जताते हुए सरकार पर निशाना साधा. पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में बुधवार को अनिल यादव पर चार-पांच राउंड फायरिंग की सूचना सामने आयी है. घटना में घायल अनिल यादव को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

अस्पताल पहुंचकर अनिल यादव का जाना हाल

प्रशांत किशोर ने कहा कि अनिल यादव जी को चार गोलियां लगी हैं. उन्होंने उनके जल्द ठीक होने की कामना करते हुए कहा कि भगवान से प्रार्थना है कि वे स्वस्थ होकर वापस लौटें.

सरकार की कानून-व्यवस्था पर उठाये सवाल

घटना को लेकर प्रशांत किशोर ने बिहार सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने मुख्यमंत्री और गृह मंत्री सम्राट चौधरी से सवाल करते हुए कहा कि अगर राजधानी में इस तरह गोलीबारी की घटना होती है तो इसे जंगलराज नहीं कहा जाए तो क्या कहा जाए.

प्रशांत किशोर ने सरकार से राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर जवाब देने की मांग की. उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब पटना में अनिल यादव पर फायरिंग की घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

अपार्टमेंट के ऑफिस में हुई फायरिंग

रिपोर्टों के अनुसार, बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के चकराम रोड स्थित एक अपार्टमेंट के ऑफिस में अनिल यादव बैठे थे, तभी अपराधियों ने वहां पहुंचकर उन पर फायरिंग की. घटना में उन्हें कई गोलियां लगीं. वारदात सीसीटीवी कैमरे में भी कैद होने की बात सामने आयी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.

इसे भी पढ़ें : पटना में गोलीबारी: कार्यालय में बैठे पूर्व वार्ड पार्षद को पैदल पहुंचे दो अपराधियों ने मारी पांच गोली, हालत गंभीर