Thursday, 22 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

थ्रेशर की चपेट में आया युवक, पंजा बुरी तरह क्षतिग्रस्त:सोयाबीन निकालते समय हुआ हादसा; बाइक से अस्पताल लाए परिजन

INT News21 October 2026 at 10:22 pm

छतरपुर के ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम देरी में खेत पर थ्रेशर मशीन से सोयाबीन निकालते समय एक युवक का हाथ मशीन की चपेट में आ गया। हादसे में उसका हाथ और पंजा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। युवक की चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल मशीन बंद कराई। इसके बाद गंभीर हालत में उसे बाइक से छतरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। सोयाबीन निकालते समय मशीन में फंसा हाथ

जानकारी के अनुसार, ग्राम देरी निवासी गणेश कुशवाहा (25), पिता छिद्दी कुशवाहा, अपने खेत में थ्रेशर मशीन से सोयाबीन निकालने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका हाथ मशीन की चपेट में आ गया। हादसे में उसके हाथ का पंजा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और काफी खून बहने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत थ्रेशर बंद किया, जिससे युवक को और गंभीर चोट लगने से बचाया जा सका।

एंबुलेंस का इंतजार किए बिना बाइक से अस्पताल लाए

घायल के पिता छिद्दी कुशवाहा और चाचा परमलाल कुशवाहा के मुताबिक, हादसे के बाद गणेश दर्द से चीखने लगा। उसकी आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थिति गंभीर होने के कारण परिजन एंबुलेंस का इंतजार किए बिना उसे बाइक से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। सर्जरी वार्ड में भर्ती, डॉक्टरों की निगरानी में इलाज

जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने युवक का प्राथमिक उपचार शुरू किया। इसके बाद उसे तीसरी मंजिल स्थित सर्जरी वार्ड में भर्ती किया गया। हाथ में गंभीर चोट और अधिक खून बहने के कारण उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम उसकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। हादसे के बाद से परिवार के लोग परेशान हैं। 2. दोस्त ने बचाई जान इधर, छतरपुर के ईदगाह इलाके में दोस्तों के साथ बैठा 18 साल के अरबाज खान अचानक एक कुएं में गिर गया। करीब 17 फीट गहरे कुएं में गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई। गनीमत रही कि दोस्तों ने तुरंत कुएं में छलांग लगाकर उन्हें डूबने से बचा लिया। नया मोहल्ला निवासी अरबाज अपने दोस्तों के साथ कुएं की मुंडेर पर बैठे थे। संतुलन बिगड़ने से वह कुएं में जा गिरे। गिरने से उनके सिर में चोट लगी और खून बहने लगा।

अरबाज को गिरते देख दोस्तों ने तुरंत पानी में छलांग लगाई। तैरना जानने के कारण उन्होंने अरबाज को डूबने से बचाया और बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद अरबाज ने कहा कि दोस्त साथ नहीं होते तो उनकी जान जा सकती थी। उन्होंने दोस्तों का आभार जताया।