समाचार · बिहार
बिहार से पंजाब-तेलंगाना तक फैला था नेटवर्क, झारखंड पेपर लीक में दिल्ली से दबोचा गया मिथलेश, गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म

JPSC Paper Leak: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) से जुड़े चर्चित पेपर लीक मामले में झारखंड सीआईडी की विशेष टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र के पसौर गांव निवासी मिथलेश सिंह उर्फ आरके सिंह को दिल्ली से गिरफ्तार किया है. मिथलेश स्व. ललन सिंह का पुत्र बताया जाता है. दिल्ली में हुई गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद उसके पैतृक गांव पसौर और आसपास के इलाकों में दिनभर चर्चा होती रही.
प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली के आरोप
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार मिथलेश सिंह पर पूर्व में भी विभिन्न राज्यों में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली, सिंडिकेट संचालित करने और पेपर लीक से जुड़े गंभीर आरोप रहे हैं. बताया जा रहा है कि वह पंजाब, राजस्थान, तेलंगाना और बिहार में दर्ज मामलों में पूर्व में जेल जा चुका है. हालांकि, इन आरोपों की अंतिम पुष्टि संबंधित मामलों की जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी.
बेटे के नाम पर एजेंसी खोलने की चर्चा
जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से यह बात सामने आयी है कि आरोपी ने कथित तौर पर अपने बेटे के नाम पर एक एजेंसी खोल रखी थी. एजेंसी के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र की व्यवस्था और प्रबंधन से जुड़ा काम किए जाने की बात कही जा रही है. जांच एजेंसियां अब इस एजेंसी की भूमिका और उससे जुड़े लोगों की भी पड़ताल कर रही हैं.
गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म
मिथलेश की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आने के बाद पसौर गांव में उसके पुराने मामलों को लेकर चर्चाएं तेज हो गयीं. गांव के चौराहों और चाय की दुकानों पर लोग गिरफ्तारी को लेकर तरह-तरह की बातें करते नजर आये. ग्रामीणों के बीच इस बात को लेकर भी चर्चा रही कि प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े कथित मामलों में नाम आने के बावजूद वह दोबारा ऐसे मामलों में कैसे सक्रिय रहा.
स्थानीय संपर्कों की भी जांच की संभावना
दिल्ली से गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां आरोपी के स्थानीय संपर्कों और पैतृक गांव से जुड़े संभावित तारों की भी पड़ताल कर सकती हैं. हालांकि, इस मामले में स्थानीय स्तर पर उसकी भूमिका या किसी अन्य व्यक्ति के शामिल होने की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है. सीआईडी की जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है.
इसे भी पढ़ें: सावन की तीसरी सोमवारी पर बाबा हरिहरनाथ पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, लखीसराय हादसे के बाद सुरक्षा कड़ी