Tuesday, 25 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

दरोगा-सिपाही भर्ती में मिल सकती है राहत, 15 प्रस्तावों पर लगेगी मुहर, यूपी कैबिनेट की बैठक आज

INT News25 August 2026 at 08:21 am

UP Cabinet Meeting : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को यूपी कैबिनेट की अहम बैठक होगी. बैठक में निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा और मंजूरी मिलने की संभावना है. सरकार के अलग-अलग विभागों ने प्रस्तावों को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं. कैबिनेट में 15 से अधिक प्रस्ताव रखे जाने की उम्मीद है.

दरोगा-सिपाही भर्ती के नियमों में हो सकता है बदलाव

कैबिनेट बैठक में पुलिस भर्ती से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी आ सकता है. दरोगा और सिपाही के पदों पर मृतक आश्रित कोटे से भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को दौड़ परीक्षा से राहत देने पर विचार किया जा सकता है. इस फैसले से ऐसे अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी रहेगा फोकस

बैठक में निवेश, बुनियादी ढांचे, परिवहन और जनकल्याण से जुड़े 15 से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा संभावित है. सरकार की प्राथमिकताओं को देखते हुए कई प्रस्ताव प्रदेश में विकास परियोजनाओं को गति देने वाले हो सकते हैं.

3572 नवनियुक्त युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित कार्यक्रम में 3572 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे. इनमें कृषि विभाग के 3446 प्राविधिक सहायक (ग्रुप-सी) और मंडी परिषद के 126 नवनियुक्त मंडी सचिव शामिल हैं. इस कार्यक्रम के जरिए सरकार की ओर से युवाओं को रोजगार और नियुक्ति देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को भी रेखांकित किया जाएगा.

स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी सतर्कता बढ़ा दी है. उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित कुमार घोष और स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. पवन कुमार अरुण को स्थिति की लगातार समीक्षा और प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए हैं.

हर जिले में जांच और इलाज की पर्याप्त व्यवस्था के निर्देश

ब्रजेश पाठक ने सभी जिलों में संदिग्ध और संक्रमित मरीजों की निगरानी करने के साथ जरूरत के अनुसार तत्काल उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है. अस्पतालों में जांच, इलाज और जरूरी संसाधनों की उपलब्धता की भी लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं. गंभीर मरीजों की समय रहते पहचान कर उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है. स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में दवाओं और अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखने के लिए भी कहा गया है.

मौसमी बुखार को लेकर भी अस्पताल सतर्क

स्वाइन फ्लू के साथ ही मौसमी बुखार को लेकर भी अस्पतालों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं. बुखार के मरीजों की आवश्यक जांच, समुचित उपचार और आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध संचालन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है. उप मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि स्वाइन फ्लू को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है. सरकार पूरी तरह तैयार है. उन्होंने लोगों से सतर्क रहने, अफवाहों से बचने और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर समय से चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की है.

Also Read : राखी पर छलके मुख्यमंत्री योगी की बहन के आंसू, बोलीं- आखिरी बार कब बांधी थी याद नहीं, आज भी बेचती हैं चाय