समाचार · हरियाणा
GJU यूआई ग्रीनमेट्रिक वर्ल्ड रैंकिंग में हरियाणा में फर्स्ट:देशभर में 20वां और दुनिया में 586वां स्थान पाया; 10,000 में से 6,750 अंक मिले
पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास (सस्टेनेबल डेवलपमेंट) के क्षेत्र में गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJU), हिसार ने एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता साबित की है। प्रतिष्ठित यूआई ग्रीनमेट्रिक विश्व विश्वविद्यालय रैंकिंग 2026’में विश्वविद्यालय ने हरियाणा में पहला, देश भर में 20वां, एशिया में 341वां और विश्व स्तर पर 586वां स्थान हासिल किया है। इंडोनेशिया के जकार्ता स्थित यूनिवर्सिटास इंडोनेशिया द्वारा जारी इस अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में दुनिया भर के उच्च शिक्षण संस्थानों के इको-फ्रेंडली प्रयासों और हरित पहलों का मूल्यांकन किया जाता है। वर्ष 2026 की इस रैंकिंग में दुनिया के 6 महाद्वीपों के 110 देशों से कुल 2,016 विश्वविद्यालयों ने भाग लिया था। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों व गैर-शिक्षक कर्मचारियों को बधाई दी। रैंकिंग में संस्थानों को 7 प्रमुख पैरामीटर्स पर कुल 10,000 अंकों में से आंका गया। इसमें गुजविप्रौवि ने 6,750 अंक हासिल किए। किस मानक में कितने अंक मिले ऊर्जा एवं जलवायु परिवर्तन: 1,100 अंक परिवहन व्यवस्था: 1,237.5 अंक कचरा प्रबंधन (वेस्ट मैनेजमेंट): 1,075 अंक शिक्षा एवं शोध: 975 अंक सुशासन, डिजिटलीकरण व एकीकृत कार्य: 837.5 अंक (इस वर्ष शामिल नया मानक) जल संरक्षण: 825 अंक परिसर व्यवस्था व इंफ्रास्ट्रक्चर: 700 अंक विश्वविद्यालय परिवार में खुशी की लहर कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने भी इसे विश्वविद्यालय के लिए गर्व का क्षण बताया। वहीं, गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के निदेशक प्रो. कश्मीरी लाल, उपनिदेशक डॉ. रमेश कुमार और डॉ. विक्रमजीत सिंह ने सभी हितधारकों को बधाई देते हुए आगे भी इस रैंकिंग को और बेहतर बनाने का संकल्प जताया।