समाचार · मध्य प्रदेश
बुरहानपुर में शराब पकड़वाने के शक में पथराव:पुलिस वाहन के कांच टूटे; 30 से अधिक पर FIR, दोनों पक्षों के 7 घायल
बुरहानपुर धूलकोट क्षेत्र के गंभीरपुरा गांव में गुरुवार रात शराब पकड़वाने के शक में विवाद हो गया। करीब 25 से 30 लोगों ने शिवा बाबा मेला समिति के अध्यक्ष रूप सिंह पंवार के घर पर पथराव कर दिया। इस दौरान पुलिस वाहन पर भी पत्थर फेंके गए, जिससे उसके कांच टूट गए। घटना में दोनों पक्षों के कुल 7 लोग घायल हुए हैं। बताया गया कि हमलावरों को शक था कि रूप सिंह पंवार ने एक दिन पहले अवैध शराब पकड़वाने की सूचना पुलिस को दी थी। हालांकि, पंवार ने इस आरोप से इनकार किया है। उनका कहना है कि वे केवल मेले के दौरान पुलिस को सूचना देते हैं। पथराव में रूप सिंह पंवार के पक्ष से 5 लोग घायल हुए। इनमें कानु श्याम सिंह के सिर में चोट आई। मुरली यमराज, बच्चन भिले सिंह, प्रकाश चेन सिंह और मन्नु भिले सिंह भी घायल हुए। दूसरे पक्ष के दिनेश रघुनाथ और सुनील मुन्नालाल घायल हुए। सभी घायलों को देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस पहुंची तो वाहन पर भी पथराव घटना की सूचना मिलने पर निंबोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, वहां महिलाएं और पुरुष एकत्र होकर विवाद कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। आरोप है कि भीड़ ने पुलिस को गालियां दीं और शासकीय काम में बाधा डाली। पुलिस के अनुसार, भीड़ ने पुलिस वाहन को रोकने की कोशिश की और पत्थर फेंके। इसमें प्रधान आरक्षक राजेश बामनिया की बाईं जांघ में पत्थर लगा। भीड़ ने निंबोला थाने के शासकीय वाहन एमपी 03 ए 2403 के दाहिने और पीछे के कांच तोड़ दिए। स्थिति को संभालने के लिए महिला पुलिस को भी बुलाया गया। देर रात एसडीओपी सुरेश महाले डीआरबी बल के साथ मौके पर पहुंचे। दो एफआईआर दर्ज जिसमें 26 नामजद निंबोला थाना पुलिस ने शुक्रवार को 26 नामजद आरोपियों समेत अन्य लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट, शासकीय काम में बाधा और पुलिस वाहन में तोड़फोड़ की धाराओं में केस दर्ज किया है। इनमें संतोष पदम, रामेश्वर दरबार, रघुनाथ गज्जु, बिशन मोर सिंह, जीजू दरबार, राधेश्याम दरबार, बलीराम गज्जु, पवन रणछोड़, मिथुन रघुनाथ, राज जीजु, अरूण ईलू, सचिन ईलू, मोनु कमल, राजू गणेश, अजमल अभय सिंह, माया बाई संतोष, कंचन पति मिथुन, आनु बाई अर्जुन, सुनीता बाई श्याम, कुसमा बाई तलसिंह, रेवा सिंह अजमल, कविता बाई राधेश्याम, रेखा बाई जीजू सिंह, पप्पी बाई बिशन, आरती बाई रामेश्वर और छन्नी बाई रघुनाथ शामिल हैं। सभी गंभीरपुरा के निवासी बताए गए हैं। 18 लोगों के खिलाफ अलग केस
इसके अलावा पुलिस ने 18 लोगों के खिलाफ अलग से धारा 151 समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। इस मामले में कुछ नाम पहले दर्ज एफआईआर वाले आरोपियों से भी मिलते हैं। इसमें अनिल पिता लखन राठौर निवासी अंजनियाकला, थाना नर्मदानगर, जिला खंडवा के अलावा राजकुमार पिता जीजु, संतोष पिता पदम पवार, रघुनाथ पिता गजु पवार, कलीराम पिता चंपालाल काजले, पवन पिता रणछोड, मिथुन पिता रघुनाथ पवार, बिशन पिता मोर सिंग, बलीराम पिता गज्जु, राधेश्याम पिता मांगीलाल, काशीराम पिता तुलसीराम, सुमित पिता नवीन, रविंद्र पिता अर्जुन पवार, महेश पिता श्रीचंद पंवार और कृष्णा पिता मनोज पंवार निवासी गंभीरपुरा शामिल हैं। एसडीओपी सुरेश महाले ने बताया कि अस्पताल में भर्ती दोनों पक्षों के घायलों के बयान लिए गए हैं। बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।