समाचार · बिहार
29 अक्टूबर की टॉप 10 खबरें: कैबिनेट की बैठक में 43 एजेंडों पर मुहर, किसानों के खाते में 30 अक्टूबर को आएंगे 2000 रुपये

बिहार कैबिनेट की बैठक में 43 एजेंडों पर मुहर, पटना में अंडरग्राउंड रोड कॉरिडोर के लिए 18.21 करोड़ मंजूर
बिहार में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने, सड़कों के विकास और छात्रों के लिए हॉस्टल की सुविधा से जुड़े कई प्रस्तावों को मंजूरी मिली है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में 28 अक्टूबर 2026 को हुई कैबिनेट बैठक में 43 एजेंडों पर मुहर लगाई गई. बैठक में उद्योग, पुलिस, रेलवे, शिक्षा, स्वास्थ्य, सूचना तकनीक और जल संसाधन से जुड़े फैसले भी लिए गए. राज्य की बिजली वितरण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अधिकतम तीन साल में 11096.55 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना को मंजूरी दी गई है. इसमें नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के लिए 6066 करोड़ और साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के लिए 5030.55 करोड़ रुपये शामिल हैं. दोनों कंपनियां इस योजना के लिए बैंकों और वित्तीय संस्थानों से कर्ज लेने की दिशा में काम करेंगी. इसके अलावा दरभंगा और खगौल के ग्रिड उपकेंद्रों में 200 एमवीए के दो पावर ट्रांसफॉर्मर लगाने के लिए 33.44 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी गई है.
पढ़िए पूरी खबर...
बिहार के 73 लाख किसानों के खाते में 30 अक्टूबर को आएंगे 2000 रुपये, PM Kisan की 24वीं किस्त का ऐलान
बिहार के किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की अगली किस्त मिलने वाली है. कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को बताया कि 30 अक्टूबर को राज्य के 73 लाख से ज्यादा किसानों के बैंक खातों में किस्त की रकम भेजी जाएगी. इसके लिए पटना के ज्ञान भवन में राज्यस्तरीय PM किसान उत्सव दिवस भी आयोजित होगा.
पढ़िए पूरी खबर...
बिहार MLC चुनाव: 8 सीटों के रिजल्ट घोषित, जानिए किस सीट पर किसे मिली जीत
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के चुनाव परिणाम में अलग-अलग राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है. परिणामों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीन सीटों पर कब्जा जमाया. जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को एक-एक सीट मिली. जन सुराज के एक उम्मीदवार और दो निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी जीत हासिल की. इस तरह आठ सीटों के परिणाम में कुल पांच राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों की उपस्थिति दर्ज हुई.
पढ़िए पूरी खबर...
बीजेपी के बागी ने जेडीयू को दिया झटका, सारण में उलटफेर, राहुल राज 1815 वोटों से जीते
बिहार के सारण शिक्षक एमएलसी चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज ने जीत हासिल कर ली. बीजेपी के पूर्व नेता राहुल राज ने जेडीयू के आनंद पुष्कर को 1815 वोटों से हराया. राहुल राज को 4965 वोट मिले, जबकि आनंद पुष्कर को 3150 वोटों से संतोष करना पड़ा. जन सुराज के आफाक अहमद 2454 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे.
पढ़िए पूरी खबर...
MLC चुनाव में कांग्रेस का नहीं खुला खाता, जीतन राम मांझी ने कसा तंज, कहा-सोनिया ने राहुल को PM बनाने का दिया निर्देश
उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक में विधान परिषद की 28 सीटों के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस को कोई सीट नहीं मिली. बैलेट पेपर से हुए इन चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक व्यंग्यात्मक पोस्ट में कांग्रेस नेतृत्व, गांधी परिवार और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) को लेकर तंज कसा गया है.
पढ़िए पूरी खबर...
बिहारशरीफ में पूर्व CM नीतीश बोले-अब बिहार में ही पढ़ रहे बच्चे, कॉलेज संस्थापक की प्रतिमा का किया अनावरण
बिहारशरीफ के सरदार पटेल मेमोरियल कॉलेज में वुधवार को महाविद्यालय के संस्थापक प्राचार्य स्व डॉ राजेंद्र प्रसाद जी की प्रतिमा का अनावरण बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के द्वारा किया गया. इस अवसर पर उनके साथ बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो डॉ उपेंद्र प्रसाद सिंह, अधिष्ठाता छात्र कल्याण पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय प्रो राजीव रंजन आदि उपस्थित थे.
पढ़िए पूरी खबर...
IAS त्यागराजन एसएम केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जायेंगे, बिहार सरकार ने दी हरी झंडी
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष त्यागराजन एसएम को केंद्र में खास जिम्मेदारी मिली है. आईएएस त्यागराजन एसएम भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2011 बैच के अधिकारी हैं. बिहार सरकार ने उनके केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने की हरी झंडी दे दी है. आईएएस त्यागराजन एसएम केंद्र सरकार में सहकारिता मंत्रालय में निदेशक बनाए गए हैं. राज्य सरकार ने उन्हें नये पद पर प्रभार की तारीख से मुक्त कर दिया है. सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में बुधवार को अधिसूचना जारी की है.
पढ़िए पूरी खबर...
नितिन नवीन की सीट के बाद बिहार BJP चीफ के गढ़ में भी जन सुराज का कमाल, प्रशांत किशोर ने कैसे लगाई सेंध?
बिहार की राजनीति में प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने अपनी मौजूदगी का एहसास कराया है. पहले बांकीपुर विधानसभा सीट पर जीत दर्ज की. अब दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भी पार्टी ने बड़ा उलटफेर किया है. जन सुराज के प्रत्याशी सुरेश प्रसाद राय ने कांग्रेस के डॉ. मदन मोहन झा को 1,111 मतों से हरा दिया. यहां एनडीए समर्थित उम्मीदवार जदयू से घनश्याम राय थे. जिन्हें बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा है. वह चौथे नंबर पर रहे. यह सीट इसलिए भी अहम है, क्योंकि दरभंगा को भाजपा के मजबूत राजनीतिक प्रभाव वाला इलाका माना जाता है.
पढ़िए पूरी खबर...
रिशुश्री केस में आनंद किशोर समेत 6 IAS अफसरों को ED का नोटिस, जानिए किसे कब पूछताछ के लिए बुलाया गया
बिहार के चर्चित टेंडर घोटाले की जांच तेज हो गई है. प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इस मामले में छह आईएएस अधिकारियों को नोटिस जारी किया है. सभी को पूछताछ के लिए बुलाया गया है. मामला जेल में बंद रिशुश्री से जुड़ा है. अब जांच एजेंसी अधिकारियों से इस मामले में उनकी भूमिका और संबंधित तथ्यों को लेकर सवाल कर रही है.
पढ़िए पूरी खबर...
बिहार के छह विश्वविद्यालयों में अब बिना अनुमति नहीं होंगे बड़े फैसले, जानें किन संस्थानों पर लागू है आदेश
बिहार के छह विश्वविद्यालयों में कुलपतियों का कार्यकाल निकट भविष्य में समाप्त होने को देखते हुए राजभवन ने नीतिगत निर्णयों, नई नियुक्तियों और वित्तीय दायित्व से जुड़े फैसलों पर रोक लगाने का निर्देश दिया है. राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, संबंधित विश्वविद्यालयों में कुलपति अब बिना पूर्व अनुमति के इस तरह के महत्वपूर्ण निर्णय नहीं ले सकेंगे.
पढ़िए पूरी खबर...