समाचार · हरियाणा
पलवल में दहेज न मिलने पर बहू को दिया जहर:पिता बोले-5 लाख रुपए और गाड़ी मांग रहे थे; पति समेत 4 पर केस दर्ज
पलवल जिले के चांदहट थाना इलाके के मीसा गांव में दहेज हत्या का मामला सामने आया है। सतुआगढ़ी निवासी दशरथ ने आरोप लगाया है कि ससुराल वालों ने 5 लाख रुपए और गाड़ी न देने पर उनकी बेटी अंजू को जहर देकर मार डाला। पुलिस ने पति राकेश, जेठ कौशल, जेठानी हेमा और सास गीता के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की है। दशरथ ने बताया कि उन्होंने साल 2024 में बेटी अंजू की शादी मीसा गांव के राकेश से की थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में 5 लाख रुपए और गाड़ी की मांग को लेकर अंजू से मारपीट करते और जान से मारने की धमकी देते थे। पिता को फोन पर दी सूचना आरोप है कि 4 अक्टूबर को ससुराल वालों ने अंजू को जहर दे दिया। राकेश ने फोन कर मौत की सूचना दी। परिजन पलवल के निजी अस्पताल पहुंचे तो ससुराल वाले शव छोड़कर भागे। पुलिस को रात 9:30 बजे अंजू की आत्महत्या की सूचना मिली। पिता की शिकायत पर केस दर्ज सूचना मिलने पर चांदहट थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। मृतका के पिता ने रात्रि करीब एक बजे पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 80, 3(5) BNS के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई शोभा को सौंपी गई है।