Thursday, 29 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

करनाल में 2 साल का बच्चा लापता:रातभर चला सर्च अभियान, डीएसपी समेत पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं

INT News29 October 2026 at 06:10 am

करनाल जिले के सिंगड़ा गांव से बुधवार दोपहर बाद 2 साल का बच्चा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। बच्चे का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों में चिंता बढ़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के घरों में सर्च अभियान चलाया। घर के पास स्थित तालाब में भी बच्चे के होने की आशंका के चलते रात करीब 11 बजे गोताखोर प्रगट सिंह को बुलाया गया। गोताखोरों ने तालाब में तलाश की, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चल पाया। बच्चे की तलाश के लिए डीएसपी संदीप सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिवार और आसपास के लोगों से बातचीत की। पुलिस की टीमें गांव में अलग-अलग स्थानों पर दो साल के मासुम एकांश की तलाश कर रही हैं। फिलहाल बच्चे के लापता होने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस

निसिंग थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि बुधवार दोपहर कंट्रोल रूम से बच्चे के लापता होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू की। एकांश के पिता ने लालचंद से भी बातचीत की गई। पुलिस ने जब देखा की एकांश के घर के नजदीक एक तालाब है तो उन्होंने गोताखोरों को बुलाया। तालाब में सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस बच्चे की तलाश के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। डीएसपी ने परिवार और ग्रामीणों से की बातचीत

डीएसपी संदीप सिंह ने बताया कि सिंगड़ा गांव में 2 साल के बच्चे के लापता होने की सूचना मिली थी। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे। परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से बातचीत की जा रही है। पुलिस की टीमें बच्चे को सुरक्षित तलाशने के प्रयास में जुटी हैं। मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। रात 11 बजे तालाब में चलाया सर्च अभियान

गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि उन्हें बच्चे की तलाश के लिए रात करीब 11 बजे सिंगड़ा गांव बुलाया गया था। सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे और तालाब में सर्च अभियान चलाया, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। उन्होंने बताया कि संभव है बच्चा तालाब में न हो। उम्मीद है कि बच्चा जहां भी हो, सुरक्षित हो। जरूरत पड़ने पर पुलिस या परिवार की सूचना पर दोबारा सर्च अभियान चलाया जाएगा।