समाचार · मध्य प्रदेश
मंदसौर में 65 किलो डोडाचूरा जब्त:पंजाब, हरियाणा, राजस्थान के चार तस्करों सहित पांच गिरफ्तार, पूछताछ जारी
मन्दसौर की नई आबादी थाना पुलिस ने शनिवार को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 65 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने पहले पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर डोडाचूरा उपलब्ध कराने वाले स्थानीय सप्लायर को भी हिरासत में ले लिया। इस तरह मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम और धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एसपी विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन तथा नई आबादी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर चार संदिग्धों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में हरप्रीत सिंह (22) निवासी नथाणा, जिला बठिंडा (पंजाब), जगदीश सिंह (47) निवासी चोटिया, जिला बठिंडा (पंजाब), साधु सिंह (55) निवासी मसिता, जिला सिरसा (हरियाणा) तथा कुलविंदर सिंह (34) निवासी दिनगढ़, जिला हनुमानगढ़ (राजस्थान) शामिल हैं। सभी के खिलाफ मामला दर्ज तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से पान मसाला के चार बैगों में रखा कुल 65 किलोग्राम डोडाचूरा तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 128/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 29 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें यह डोडाचूरा ग्राम मुंदड़ी निवासी केसर सिंह पिता सज्जन सिंह सौंधिया राजपूत ने उपलब्ध कराया था। सूचना के आधार पर पुलिस ने केसर सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है। सभी आरोपियों को न्यायालय से पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि डोडाचूरा की खेप किस स्थान पर पहुंचाई जाना थी। साथ ही तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।