समाचार · मध्य प्रदेश
राहुल गांधी की गिरफ्तारी, विदिशा में कांग्रेस का प्रदर्शन:कलेक्ट्रेट कूच रोकने बैरिकेडिंग, नीमताल चौराहे पर बैठे कार्यकर्ता; रिहाई की मांग उठाई
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार देर रात विदिशा जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष मोहित रघुवंशी के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर के सामने धरना देने के लिए निकले, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ता नीमताल चौराहे पर सड़क पर बैठ गए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी की रिहाई की मांग की। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस ने नीमताल चौराहे पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। कलेक्ट्रेट जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग कर दी गई थी। जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ता चौराहे पर पहुंचे, पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद सभी कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए। राहुल छात्रों की आवाज उठा रहे थे: कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित रघुवंशी ने कहा कि राहुल गांधी दिल्ली में छात्रों के आंदोलन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज पर जवाब मांगने प्रधानमंत्री से मिलने गए थे। उनका आरोप है कि राहुल गांधी ने नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक, छात्रों के साथ हुई कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का मुद्दा उठाया था, लेकिन उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। रघुवंशी ने कहा कि छात्रों की आवाज उठाने वाले नेता के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतंत्र के खिलाफ है। उन्होंने राहुल गांधी की तत्काल रिहाई की मांग करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व के निर्देशानुसार आगे की रणनीति तय की जाएगी। धरने के दौरान पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। बैरिकेडिंग के कारण कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कलेक्ट्रेट की ओर नहीं बढ़ने दिया गया। पूरे प्रदर्शन के दौरान स्थिति शांतिपूर्ण रही।