समाचार · मध्य प्रदेश
राहुल गांधी की गिरफ्तारी पर कांग्रेस का प्रदर्शन:पेटलावद तहसील कार्यालय के बाहर धरना; रघुपति राघव राजा राम भजन गाकर जताया विरोध
झाबुआ जिले के पेटलावद में मंगलवार रात 9 बजे से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। यह प्रदर्शन नीट पेपर लीक मामले में दिल्ली में आंदोलन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में किया जा रहा है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष के नेतृत्व में प्रदर्शन जिला पंचायत उपाध्यक्ष अकमालसिंह मालू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक राहुल गांधी की रिहाई नहीं हो जाती, वे तहसील कार्यालय के बाहर डटे रहेंगे। विरोध दर्ज कराने के दौरान कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से 'रघुपति राघव राजा राम' भजन भी गाया। लोकतांत्रिक आवाज दबाने का लगाया आरोप कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों और युवाओं के मुद्दे उठाने पर विपक्ष के नेता के खिलाफ की गई कार्रवाई पूरी तरह असंवैधानिक और तानाशाही रवैये को दर्शाती है। उन्होंने इसे लोकतंत्र की आवाज दबाने का प्रयास बताया। मौके पर तैनात रहा पुलिस बल प्रदर्शन के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सलीम शेख, उपाध्यक्ष भरत मुलेवा, युवक कांग्रेस अध्यक्ष आकाश डामर सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।