समाचार · छत्तीसगढ़
मंत्रियों को फटकार, NH-43 में शुरू हुआ मरम्मत का काम:खस्ताहाल NH में फंसे संगठन महामंत्री पवन साय, प्रभारी मंत्री, पर्यटन मंत्री को जमकर सुनाया
सरगुजा में खस्ताहाल नेशनल हाईवे 43 में बीती शाम भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की इनोवा कार फंस गई। गाड़ी को निकालने में करीब दो घंटे लग गए। अंबिकापुर पहुंचकर पवन साय ने खस्ताहाल सड़क को लेकर प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी और अधिकारियों के साथ संगठन के बड़े नेताओं को जमकर फटकारा। सुबह पवन साय से मिलने पहुंचे पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया को सड़क की खस्ताहालत को लेकर पवन साय ने फटकार लगाई। प्रदेश संगठन महामंत्री की फटकार के बाद नेशनल हाईवे में गड्ढों को भरने का काम तत्काल शुरू कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर और कोरिया में आयोजित भाजपा की बैठक में शामिल होने के लिए भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय बुधवार शाम जशपुर से अंबिकापुर आ रहे थे। नेशनल हाईवे 43 में सीतापुर शहर के बीच उनकी इनोवा वाहन गड्ढे में घुस गई और अटक गई। गाड़ी फंसने के बाद उन्हें सीतापुर के रेस्ट हाउस ले जाया गया। मंत्रियों, अधिकारियों को जमकर फटकारा पवन साय की गाड़ी को निकालने के लिए मैकेनिक को बुलाना पड़ा। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद गाड़ी बाहर निकल सकी। वे रात करीब 9.30 बजे अंबिकापुर पहुंचे। अंबिकापुर पहुंचने के पहले दरिमा मोड़ से लेकर भारत माता चौक तक खस्ताहाल सड़क से उन्हें गुजरना पड़ा। अंबिकापुर पहुंचने के बाद पवन साय ने प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी को फोन कर जमकर सुनाया। मौके पर मौजूद भाजपा नेताओं के अनुसार पवन साय ने यहां तक कह दिया कि वे कभी क्षेत्र में भ्रमण पर आते भी हैं या नहीं। पवन साय ने नेशनल हाईवे के अधिकारियों को भी जमकर फटकारा। सुबह प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय से मिलने पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया सहित अन्य नेता पहुंचे। पवन साय ने मंत्री सहित नेताओं को भी सड़क की खस्ताहालत को लेकर फटकारा। उन्होंने कहा कि सब नेता ठेकेदार हैं तो श्रमदान क्यों नहीं करते। फटकार के बाद मरम्मत हुई शुरू भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री की फटकार के बाद नेशनल हाईवे की खस्ताहाल सड़क पर बोल्डर, गिट्टी गिरा दी गई है। भारत माता चौक से दरिमा रोड मोड़ तक गड्ढों को भरा जा रहा है और पूरी तरह से खस्ताहाल हो चुकी सड़क का सुधार कार्य शुरू कर दिया गया है। सीतापुर में भी सड़क के गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया गया है। कई किलोमीटर सड़क खस्ताहाल नेशनल हाईवे 43 में अंबिकापुर के खरसिया नाका से दरिमा रोड तक सड़क पूरी तरह से उखड़ गई है। वहीं सीतापुर में भी सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। वहीं पीजी कॉलेज से सिलफिली तक सड़क में गढ्ढे हो गए हैं और सड़क कई स्थानों पर पूरी तरह से टूट गई है। नेशनल हाईवे द्वारा भारत माता चौक से लुचकी तक एवं गांधी चौक से रेलवे स्टेशन मोड़ कर फोरलेन सड़क निर्माण के लिए टेंडर करा दिया गया है। पूर्व में सांसद ने भी सड़क सुधारने का निर्देश दिया था, लेकिन सड़क मरम्मत शुरू नहीं कराई गई। फटकार के बाद नेशनल हाईवे ने गड्ढों को भरने का काम शुरू करा दिया है।