national
वियतनाम नाव हादसा: खराब मौसम बना काल या हुई कोई चूक? 15 मृतकों में आंध्र प्रदेश के 2 नागरिक भी शामिल

Vietnam Boat Accident: 32 भारतीय पर्यटकों और चालक दल के 4 सदस्यों को लेकर जा रही टूरिस्ट स्पीडबोट, एन थोई बंदरगाह लौटते समय फु क्वोक द्वीप के पास पलट गई. हादसे के बाद 21 लोगों को बचा लिया गया. बचाए गए लोगों में 17 यात्री और चालक दल के चार सदस्य शामिल हैं. 2 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है. नाव में सवार सभी 36 लोगों का पता लगा लिया गया है.
मुख्यमंत्री विजय ने नाव दुर्घटना पर दुख जताया
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने वियतनाम में नाव दुर्घटना पर दुख जताया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे वियतनाम में जान गंवाने वाले तमिलों के शवों को तमिलनाडु लाने के लिए दूतावास के साथ मिल कर काम करें. सीएम विजय ने राज्य के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे वियतनाम हादसे में प्रभावित तमिलों को हर संभव मदद पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार के साथ कोऑर्डिनेटर करें.
मृतकों में मछलीपट्टनम के दो लोग शामिल
मृतकों में मछलीपट्टनम के दो लोग शामिल हैं. जिनकी पहचान जललक्ष्मी और जयश्री के रूप में हुई है. अन्य प्रभावित भारतीय नागरिकों की पहचान की जा रही है.
खराब मौसम और समुद्र की तेज लहरें बनीं काल या हुई कोई चूक? जांच शुरू
नई दिल्ली में एपी भवन में आंध्र प्रदेश सरकार के विशेष प्रतिनिधि विशेष आयुक्त डॉ अर्जा श्रीकांत ने बताया- वियतनाम में भारतीय दूतावास ने अपना इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम एक्टिवेट कर दिया है. खोज और बचाव अभियान पूरा हो चुका है और वियतनाम के अधिकारियों ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है. खराब मौसम, समुद्र में तेज लहरें और संभवतः किसी तकनीकी खराबी को दुर्घटना के संभावित कारणों के तौर पर देखा जा रहा है. भारत सरकार, हनोई में भारतीय दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी में भारत के महावाणिज्य दूतावास के माध्यम से, वियतनाम सरकार के साथ मिलकर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.
ये भी पढ़ें: वियतनाम नाव हादसा: पीएम मोदी ने जताया दुख, बोले- पीड़ितों की मदद में जुटे भारतीय अधिकारी