समाचार · मध्य प्रदेश
राहुल के संसद मार्ग धरने के समर्थन में उतरे कार्यकर्ता:बालाघाट में बोले- दिल्ली में युवक पर पैलेट गन चली, पुलिस FIR नहीं लिख रही
बालाघाट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन के दौरान साहिल नामक युवक पर पैलेट गन चलाए जाने और सांसद मार्ग थाने में एफआईआर दर्ज न होने के विरोध में प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्याम पंजवानी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शाम 5 बजे महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास धरना दिया। लगभग दो घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार पर छात्र विरोधी होने का आरोप लगाते हुए जोरदार नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पुलिस द्वारा मामले में एफआईआर दर्ज न करने को अन्याय और न्याय में देरी करार दिया। राहुल गांधी के धरने को दिया समर्थन कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव शफकत खान ने बताया कि राहुल गांधी दिल्ली में पीड़ित छात्र को न्याय दिलाने के लिए खुद धरने पर बैठे हैं, लेकिन पुलिस मामला दर्ज नहीं कर रही है। इसी के समर्थन में बालाघाट में भी यह प्रदर्शन आयोजित किया गया। छात्रों के हक में लड़ाई जारी रखने का संकल्प शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्याम पंजवानी ने कहा कि कांग्रेस देश में लोकतंत्र की हत्या करने वालों और षडयंत्रकारियों के खिलाफ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन भी छात्रों पर लाठीचार्ज या पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया है, कांग्रेस उनके साथ है और आगे भी छात्रों के हक के लिए लड़ाई लड़ती रहेगी।