Thursday, 3 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

Heavy Rain Alert: बिहार-झारखंड में येलो अलर्ट, जानें एमपी-छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों का कैसा रहने वाला है मौसम

INT News3 September 2026 at 06:02 am

Heavy Rain Alert: मौसम विभाग ने प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 3 और 5 सितंबर के बीच, हिमाचल प्रदेश में 3 से 5 सितंबर के दौरान जबकि उत्तराखंड में 3 से 8 सितंबर के दौरान बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 3 से 4 सितंबर के दौरान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 3 से 5 सितंबर के दौरान जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 6 से 7 सितंबर के दौरान बहुत ज्यादा भारी बारिश होने की संभावना है.

बिहार का मौसम कैसा रहेगा?

3 सितंबर 2026 को पूर्वी बिहार के जिलों (जैसे सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और मधेपुरा) के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. यहां गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है. वहीं, राज्य के पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों (जैसे पश्चिम चंपारण, सीवान, बक्सर, रोहतास, भागलपुर, जमुई आदि) में येलो अलर्ट है. इसका मतलब है कि इन इलाकों में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके विपरीत, मध्य बिहार के क्षेत्रों (जैसे पटना, मुज़फ़्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर और नालंदा) में ग्रीन जोन दर्शाया गया है. यहां मौसम सामान्य रहेगा और किसी विशेष चेतावनी की आवश्यकता नहीं है.

ये भी पढ़ें: Heavy Rain Alert: भारी बारिश का अलर्ट जारी, इन राज्यों में कहीं ऑरेंज तो कहीं येलो चेतावनी

झारखंड का मौसम कैसा रहेगा?

झारखंड में 3 और 4 सितंबर 2026 को राज्य में कहीं-कहीं मेघगर्जन (गर्जन), वज्रपात (बिजली गिरने) और 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. इसके बाद, 5 से 7 सितंबर 2026 के दौरान मौसम के संबंध में कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है.

मौसम विभाग का पूरा प्रेस रिलीज पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

राजस्थान का  मौसम कैसा रहेगा?

राजस्थान में 3 से 7 सितंबर के दौरान मौसम में उतार-चढ़ाव देखा जाएगा. 3 सितंबर को भरतपुर, जयपुर, कोटा संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. इसके बाद 4 से 7 सितंबर के बीच भरतपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी, जबकि 4-5 सितंबर को कोटा संभाग और उसके आसपास के जिलों में मध्यम से तेज या भारी बारिश भी हो सकती है. दूसरी ओर, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर संभाग में कमजोर मानसून बना रहेगा, हालांकि 4 से 6 सितंबर के बीच बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.

ये भी पढ़ें: Kal ka Mausam : छत्तीसगढ़ में होगी बारिश, 8 सितंबर तक के लिए अलर्ट जारी

दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?

दिल्ली में 3 और 4 सितंबर को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे. दोनों ही दिनों में सुबह से दोपहर के बीच कई स्थानों पर गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है, जबकि दोपहर से शाम के समय कई जगहों पर फिर से हल्की बारिश का एक और दौर आ सकता है. तापमान की बात करें तो 3 सितंबर को अधिकतम तापमान 32-34°C और न्यूनतम तापमान 23-25°C रहने की संभावना है, जबकि 4 सितंबर को अधिकतम तापमान 31-33°C और न्यूनतम तापमान 24-26°C के आसपास दर्ज किया जा सकता है.

पूर्वोत्तर राज्यों का मौसम कैसा रहेगा?

3 से 8 सितंबर के दौरान अरुणाचल प्रदेश और असम-मेघालय में, 3 से 6 सितंबर के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, 7 से 8 सितंबर के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कहीं-कहीं या छिटपुट बारिश हो सकती है.