समाचार · मध्य प्रदेश
अस्पताल में मरीजों से शुल्क लिया, पर्ची में राशि शून्य:पांच 5 ऑपरेटरों के 7 दिन का वेतन काटा; दोबारा शिकायत पर सेवा से हटाएंगे
उमरिया जिला चिकित्सालय में ओपीडी रजिस्ट्रेशन के दौरान मरीजों से शुल्क लिए जाने, लेकिन कंप्यूटर से निकलने वाली पर्ची में शुल्क की राशि शून्य दर्ज होने की शिकायतें सामने आई थीं। लगातार शिकायतों के बाद अस्पताल की पंजीयन व्यवस्था और पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे थे। पांच ऑपरेटरों पर कार्रवाई मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन डॉ. केसी सोनी ने रजिस्ट्रेशन कक्ष में तैनात पांच ऑपरेटरों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इनमें नीलेश कुमार मिश्रा, वरुण सोनी, गीतिका दहायत, अनुष्का तिवारी और अंकित सिंह शामिल हैं। सभी के अगस्त माह के सात दिन के मानदेय की राशि काटने के निर्देश दिए गए हैं। सही शुल्क दर्ज करने के निर्देश सिविल सर्जन ने ऑपरेटरों को निर्देश दिए हैं कि मरीजों के रजिस्ट्रेशन के समय शुल्क की सही एंट्री की जाए और ओपीडी पर्ची में भी वही राशि दर्ज हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोबारा शिकायत मिली तो सेवा से हटाएंगे डॉ. केसी सोनी ने संबंधित ऑपरेटरों को चेतावनी दी है कि भविष्य में इस तरह की शिकायत दोबारा सामने आने पर सेवा से हटाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद फिलहाल सात दिन का मानदेय काटा गया है, लेकिन आगे शिकायत मिलने पर और सख्त कार्रवाई की जाएगी।