Tuesday, 25 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

कैथल में नशे में गाड़ी चला रहे थे पुलिसकर्मी:सीवन में मकान के गेट से टकराई डायल 112 गाड़ी, शराब की बोतल मिली

INT News25 August 2026 at 08:22 am

कैथल के कस्बा सीवन में डायल 112 की गाड़ी सड़क के साथ बने एक मकान के गेट से टकरा गई। जैसे ही गाड़ी गेट के साथ भिड़ी तो उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्‌ठे हो गए। कस्बे के निवासियों ने गाड़ी में तैनात पुलिसकर्मियों पर शराब के नशे में वाहन चलाने के आरोप लगाए हैं। वहीं गाड़ी में शराब की बोतल भी मिली, जिसके आधार पर लोगों ने पुलिस कर्मियों पर आरोप लगाए हैं। कर्मचारी उस दौरान सीवन शहर में गश्त कर रहे थे। तीन कर्मचारी गाड़ी में थे इस संबंध में सीवन के रहने वाले कुलदीप सिंह चीमा ने थाना सीवन में दी शिकायत दी है। उन्होंने शिकायत में आरोप लगाया कि 24 अगस्त की रात करीब नौ बजे डायल 112 की गाड़ी तेज रफ्तार में उनके मकान के गेट से जा टकराई। जब वे बाहर आए तो देखा कि गाड़ी में मौजूद तीन कर्मचारी शराब के नशे में थे। उन्होंने कहा कि एक ओर तो पुलिस नशे के खिलाफ अभियान चला रही है, दूसरी ओर कर्मचारी खुद शराब पीकर गाड़ियां चला रहे हैं। उन्होंने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। दूसरी ओर टक्कर के बाद गाड़ी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और टायर फट गया। गाड़ी में SPO जागीर सिंह, SPO सुखविंद्र और EHC दीपक मौजूद थे। आरोप है कि ड्राइवर ने मौके से गाड़ी को आगे ले जाने का प्रयास किया, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने रोक लिया। गाड़ी में मिली शराब की बोतल शिकायतकर्ता कुलदीप सिंह ने आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की गाड़ी में शराब की बोतल देखी। साथ ही गाड़ी में मौजूद पुलिसकर्मियों के शराब के नशे में होने का आरोप लगाया गया। शिकायत में तीनों पुलिसकर्मियों का मेडिकल करवाकर जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है। कर्मचारी बोले- गलती हो गई गाड़ी की टक्कर के बाद जब पुलिसकर्मी उसमें से उतरे तो लोगों ने उनसे शराब पीकर गाड़ी चलाने बारे पूछा। कर्मचारियों में एक कहता है कि पी रखी थी तो कोई बात नहीं, उनसे गलती हो गई। इस पर लोगों ने कहा कि आप डायल 112 पर इमरजेंसी सेवाएं दे रहे हैं, अगर किसी को जरूरत पड़ी तो मौके पर कैसे जाओगे। रात को थाना प्रभारी सीवन जयभगवान और एडिशनल एसएचओ रामपाल मौके पर पहुंचे थे। पुलिसकर्मियों को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। एसएचओ ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। कर्मचारियों की मेडिकल जांच करवाई गई है, अभी उसकी रिपोर्ट आनी बाकी है।