समाचार · मध्य प्रदेश
महाकौशल कॉलेज में ABVP-NSUI के बीच हंगामा:सदस्यता अभियान के दौरान लैब अनियमितताओं पर विरोध, जमकर नारेबाजी
महाकौशल कॉलेज में शुक्रवार शाम अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। एबीवीपी के सदस्यता अभियान के दौरान एनएसयूआई के कार्यकर्ता कॉलेज की लैब में अनियमितताओं का विरोध दर्ज कराने पहुंचे थे। इस दौरान दोनों छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच जमकर नारेबाजी हुई, जिससे कॉलेज परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एनएसयूआई नेता अनुराग शुक्ला ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर मनमानी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एबीवीपी कार्यकर्ता कॉलेज में छात्रों से जबरन रसीदें काट रहे हैं और उन्हें परेशान कर रहे हैं। शुक्ला के अनुसार, बिना ड्रेस कोड के बाहरी लोग परिसर में घूम रहे थे और शीर्ष नेताओं के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणियां कर रहे थे। दूसरी ओर, एबीवीपी के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य माखन शर्मा ने एनएसयूआई के आरोपों को खारिज किया। शर्मा ने बताया कि उनका सदस्यता अभियान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है और छात्र-छात्राएं स्वेच्छा से संगठन से जुड़ रहे हैं। एबीवीपी नेताओं ने आरोप लगाया कि एनएसयूआई के कार्यकर्ता परिसर में अराजकता फैलाने और उनके अभियान में बाधा डालने का प्रयास कर रहे थे। कॉलेज परिसर में तनाव बढ़ने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। छात्र संघ चुनावों और परिसर की व्यवस्थाओं को लेकर दोनों गुटों के बीच खींचतान बनी हुई है।