समाचार · मध्य प्रदेश
कार रेलिंग से टकराई, दमोह का ड्राइवर फंसा:हटा से सिलमनाबाद जा रहा था, पन्ना के रैपुरा में पतने नदी पुल पर हादसा
INT News13 August 2026 at 09:34 pm
पन्ना जिले में सलैया रोड स्थित पतने नदी के पुल पर गुरुवार को एक सड़क हादसा हुआ। दमोह के हटा से सिलमनाबाद जा रही एक कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अंदर फंसकर घायल हो गया। घायल चालक की पहचान अंकुर खारिया (गुप्ता), उम्र 33 वर्ष, निवासी हटा (जिला दमोह) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने घायल चालक को कार से बाहर निकाला और तत्काल रैपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां उनका इलाज जारी है। गाड़ी में ड्राइवर अकेला था। इस बचाव अभियान में डायल-112 (C618) के आरक्षक राजेश पटेल, पायलट सुनील दाहिया और एनआरएस महेश रैकवार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।