Saturday, 24 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

entertainment

दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट का टिकट कन्फर्म, पुलिस से मिली मंजूरी; जानिए कब होगा शो?

INT News23 October 2026 at 04:47 pm

पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट को लेकर चल रहा विवाद खत्म हो गया है. दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक से जुड़ी चिंताओं के बीच आयोजकों के साथ कई दौर की बैठक के बाद कार्यक्रम को मंजूरी दे दी है. इवेंट ऑर्गेनाइजर बुकमायशो ने इवेंट को लेकर कहा कि कॉन्सर्ट रद्द नहीं हुआ था, बल्कि इसकी अनुमति कुछ समय के लिए रोकी गई थी. अब ‘ऑरा इंडिया टूर’ का दिल्ली शो तय कार्यक्रम के मुताबिक 30 अक्टूबर 2026 को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगा.

पहले क्यों नहीं दी जा रही थी कॉन्सर्ट की अनुमति?

दिल्ली पुलिस ने पहले सुरक्षा से जुड़े इनपुट और त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारियों का हवाला देते हुए कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार कर दिया था. इस संबंध में दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त कार्यालय की ओर से बुकमायशो को पत्र भी भेजा गया था. पुलिस ने अप पत्र में कहा था कि त्योहारों के दौरान राजधानी में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है. ऐसे में किसी बड़े कार्यक्रम के लिए सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ को नियंत्रित करने की पुख्ता व्यवस्था जरूरी है. इसी वजह से दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट की अनुमति पर रोक लगाई गई थी.

ये भी पढ़ें: शिवा शर्मा हत्याकांड में कैसे आया Z गैंग का नाम?श्रद्धा दुबे का इससे क्या है कनेक्शन?

आयोजकों के साथ बैठक के बाद बदला फैसला

ऑर्गेनाइजर बुकमायशो ने बताया कि दिल्ली पुलिस के साथ उनकी बैठक सकारात्मक रही. बैठक में आयोजकों ने कार्यक्रम के लिए विस्तृत सुरक्षा योजना पेश की और पुलिस की ओर से बताई गई शर्तों का पालन करने का भरोसा दिया. इसमें सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक मैनेजमेंट और भीड़ को नियंत्रित करने जैसे इंतजाम शामिल हैं. आयोजकों के आश्वासन के बाद पुलिस ने अनुमति पर दोबारा विचार किया और कार्यक्रम को मंजूरी दे दी. बुकमायशो लाइव ने यह भी कहा कि कॉन्सर्ट को रद्द किए जाने की खबरें सही नहीं थीं. कंपनी के मुताबिक, अनुमति अस्थायी रूप से रोकी गई थी, रद्द नहीं की गई थी. इसलिए कार्यक्रम की तारीख में कोई बदलाव नहीं हुआ है. गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस द्वारा अनुमति नहीं देने के बाद सोशल मीडिया में कॉन्सर्ट को रद्द किए जाने की चर्चा हो रही थी.

स्कूलों को मिले धमकी भरे ईमेल का भी था मामला

कॉन्सर्ट की अनुमति रोके जाने के पीछे सुरक्षा चिंताएं भी अहम थीं. खबरों के मुताबिक, 15 अक्टूबर की सुबह दिल्ली के कई स्कूलों को बम की धमकी वाले ईमेल मिले थे. इनमें से एक ईमेल में छात्रों को 30 अक्टूबर को होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में शामिल नहीं होने की चेतावनी भी दी गई थी.

मीडिया रिपोर्ट में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि इस तरह के ईमेल छह स्कूलों को भेजे गए थे. इनमें द ब्रिटिश स्कूल, माउंट कार्मेल, अहल्कॉन इंटरनेशनल स्कूल और अहल्कॉन पब्लिक स्कूल शामिल हैं. ईमेल में खालिस्तान समर्थक नारे भी लिखे होने की बात सामने आई थी.

ये भी पढ़ें: आतंकी साजिश में गिरफ्तार अमेरिकी नागरिक को मिला 4 महीने का बेल एक्सटेंशन, जानिए पूरा मामला; कौन है मैथ्यू वैन डाइक?

कॉन्सर्ट को लेकर आम आदमी पार्टी और बीजेपी में बयानबाजी

दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम की अनुमति रोके जाने के फैसले पर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई थी. आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी सरकार और दिल्ली पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाया था. भारद्वाज ने दावा किया था कि किसान आंदोलन के समर्थन और छात्रों के मुद्दों पर आवाज उठाने के कारण दिलजीत दोसांझ को निशाना बनाया जा रहा है. वहीं, दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आम आदमी पार्टी पर इस मामले में राजनीति करने का आरोप लगाया था.

अब 30 अक्टूबर को होगा दिल्ली शो

दिल्ली पुलिस से अनुमति मिलने के बाद अब दिलजीत दोसांझ के प्रशंसकों को कॉन्सर्ट के लिए तैयारी करने का मौका मिलेगा. कार्यक्रम जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगा. आयोजकों ने सुरक्षा और ट्रैफिक से जुड़ी शर्तों का पालन करने का भरोसा दिया है. आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम तय तारीख 30 अक्टूबर को ही होगा.