Thursday, 3 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

नाबालिग से अश्लीलता मामला…डेढ़ साल बाद भी 5 आरोपी फरार:पुलिस ने चालान पेश किया; अब इनाम घोषित करने की तैयारी

INT News3 September 2026 at 08:36 am

भाजपा पार्षद के नाबालिग बेटे से मारपीट, कपड़े उतारकर वीडियो बनाने और उसे वायरल करने के मामले में पुलिस डेढ़ साल बाद भी पांच आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। आरोपियों की फरारी के दौरान ही पुलिस ने कोर्ट में चालान पेश कर दिया है। अब जूनी इंदौर पुलिस ने फरार आरोपियों पर इनाम घोषित करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को प्रतिवेदन भेजा है। पुलिस के मुताबिक धनराज उर्फ धन्ना, संपत पुत्र नेमीचंद यादव, मिथुन पुत्र किरण डागर, आशीष पुत्र अशोक मालवीय और नवीन पुत्र राजेश शर्मा की गिरफ्तारी बाकी है। टीआई अनिल गुप्ता ने बताया कि आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही है। 3 जनवरी को घर में घुसकर मारपीट का आरोप मामला 3 जनवरी 2025 का है। जूनी इंदौर इलाके में भाजपा पार्षद जीतू यादव उर्फ जाटव के घर में घुसकर उनके नाबालिग बेटे और परिवार के साथ मारपीट, अभद्रता और तोड़फोड़ की गई थी। विवाद की शुरुआत नगर निगम कर्मचारी के साथ कहासुनी और एक ऑडियो क्लिप को लेकर हुई थी। इसके बाद पार्षद के समर्थकों पर नाबालिग के साथ मारपीट और अश्लीलता के आरोप लगे। आरोप है कि कुलकर्णी भट्‌टा इलाके में कुछ लोगों ने नाबालिग के साथ मारपीट की और उसके कपड़े उतारकर वीडियो बनाया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था और करीब डेढ़ दर्जन से ज्यादा लोगों को आरोपी बनाया था। जीतू यादव का नाम भी आया, पार्टी से निष्कासन हुआ मामले में भाजपा पार्षद जीतू यादव उर्फ जाटव का नाम भी सामने आया था। घटना के बाद भाजपा संगठन ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था। हालांकि पिछले दिनों पार्टी ने उन्हें दोबारा शामिल कर लिया। पीड़ित पक्ष की ओर से भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और पुलिस कमिश्नर को दिए गए पत्र में जीतू यादव की कथित वॉइस रिकॉर्डिंग की जांच का मुद्दा भी उठाया गया था। पीड़ित पक्ष का कहना है कि इस रिकॉर्डिंग की जांच रिपोर्ट अब तक सामने नहीं आई है। अब फरार आरोपियों पर इनाम की तैयारी जूनी इंदौर पुलिस का कहना है कि मामले में अधिकांश आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन पांच आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने इन सभी पर इनाम घोषित करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा है। पुलिस के मुताबिक फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।