समाचार · मध्य प्रदेश
घर के बाहर खड़ी नाबालिग का हाथ पकड़कर कुछ फेंका:आंख पर छींटे पड़ने पर डरी; शोर मचाने पर भागा आरोपी, पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज
राजगढ़ शहर में घर के बाहर खड़ी 10वीं की 16 साल की नाबालिक छात्रा से छेड़छाड़ और उस पर अज्ञात पदार्थ फेंकने का मामला सामने आया है। छात्रा ने बचने के लिए सिर दूसरी ओर घुमा लिया, लेकिन पदार्थ के छींटे उसकी आंख में चले गए। शोर मचाने पर आरोपी भाग निकला। बीच-बचाव करने पहुंची छात्रा की सहेली को भी उसने धक्का दे दिया। कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, राजगढ़ शहर में रहने वाली 10 वीं की छात्रा ने शिकायत में बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे वह अपने घर के बाहर खड़ी थी। तभी आरोपी वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने बुरी नीयत से छात्रा का हाथ पकड़ लिया। इसके बाद अपने हाथ में रखी एक बोतल से उस पर अज्ञात पदार्थ फेंक दिया। छात्रा ने तुरंत सिर दूसरी ओर कर लिया, जिससे पूरा पदार्थ चेहरे पर नहीं पड़ा, लेकिन उसकी आंख में छींटे चले गए। छात्रा के चिल्लाने की आवाज सुनकर उसकी मां और बहन मौके पर पहुंच गईं। उन्हें देखकर आरोपी भागने लगा। इस दौरान छात्रा की सहेली ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसे धक्का देकर खुद को छुड़ाया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद छात्रा ने अपनी मां, बहन, सहेली, भाई को पूरी जानकारी दी। इसके बाद उसने फोन पर अपने पिता को भी घटना की सूचना दी। पिता के घर पहुंचने पर सभी परिजन छात्रा को लेकर राजगढ़ कोतवाली पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने शिकायत में यह भी बताया कि आरोपी पहले से उसका पीछा करता था। जब वह स्कूल आती-जाती थी, तब भी आरोपी उसका पीछा करता था। इस बात की जानकारी मिलने पर परिजनों ने पहले भी उसे समझाया था, लेकिन इसके बावजूद उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं। राजगढ़ कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी लखन प्रजापति के खिलाफ बीएनएस की धारा 74, 78(1)(i) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।