समाचार · मध्य प्रदेश
बिजली कटौती, फसल बीमा पर कांग्रेस का प्रदर्शन:नवीन झंडा चौक लेकर दिया धरना; 10 मांगों को लेकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन दिया
राजगढ़ के माचलपुर में ब्लॉक किसान कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को धरना-प्रदर्शन किया। नवीन झंडा चौक पर हुए प्रदर्शन में अघोषित बिजली कटौती, साल 2025 की खरीफ सोयाबीन फसल बीमा और अतिवृष्टि से हुए नुकसान का मुद्दा उठाया गया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में पूर्व मंत्री एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह मौजूद रहे। करीब दो घंटे चले धरने में कांग्रेस नेताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद कार्यकर्ता रैली के रूप में टप्पा कार्यालय पहुंचे। माचलपुर में स्थायी नायब तहसीलदार नहीं होने के कारण छापीहेड़ा से नायब तहसीलदार सोनू गुप्ता ज्ञापन लेने पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने उन्हें राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। पूर्व मंत्री बोले-सैकड़ों किसान बीमा राशि से वंचित पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह ने कहा कि किसानों ने साल 2025 की खरीफ सोयाबीन फसल का बीमा कराया था। क्षेत्र के सैकड़ों पात्र किसानों को अब तक फसल बीमा की राशि नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिना पूर्व सूचना बिजली कटौती की जा रही है। इससे किसानों और आम लोगों को परेशानी हो रही है। प्रियव्रत सिंह ने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं पर कमीशन लेकर अपनी जेबें भरने का आरोप भी लगाया। अतिवृष्टि से नुकसान, तीन दिन में सर्वे की मांग प्रियव्रत सिंह ने हाल में हुई अतिवृष्टि से नदियों और नालों के आसपास के गांवों में फसलों को नुकसान होने की बात कही। उन्होंने प्रशासन से तीन दिन के भीतर प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे शुरू कराने और किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस किसानों के हित में बड़ा आंदोलन करेगी।