national · उत्तराखंड
बद्रीनाथ धाम घोटाला, पूर्व अधिकारी चौहान के घर से मिली विदेशी मुद्रा और महंगे केसर

Badrinath Dham Offering Theft Case : उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम में हुए चढ़ावा चोरी मामले में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने कार्रवाई करते हुए बद्रीनाथ मंदिर के पूर्व अधिकारी राजेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर लिया है. एएनआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक जांच अधिकारियों ने करीब चार घंटे तक चली पूछताछ के बाद चौहान को हिरासत में लिया गया. इस कार्रवाई को मंदिर प्रशासन से जुड़े वित्तीय और अन्य अनियमितताओं की जांच में अहम माना जा रहा है.
छापेमारी में विदेशी मुद्रा मिली
SIT द्वारा राजेंद्र चौहान के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की गई. इस दौरान कई देशों की विदेशी मुद्रा बरामद की गई हैं. जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह विदेशी मुद्रा कहां से आई और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जा रहा था. विदेशी मुद्रा बरामद होने के चलते मामला पेंचीदा और गंभीर हो गया है.
महंगी केसर और अन्य सामान भी जब्त
जांच के दौरान अधिकारियों को महंगी केसर समेत कई अन्य कीमती सामान भी मिले हैं. SIT के जांच अधिकारी महादेव उनियाल ने बताया कि छापेमारी में केसर और अन्य वस्तुएं बरामद हुई हैं, जिनकी जांच की जा रही है. अधिकारियों का मानना है कि इन सामानों के स्रोत और उपयोग की जानकारी से मामले में नए खुलासे हो सकते हैं.
नकदी को लेकर आरोपी का रवैया संदिग्ध
SIT का कहना है कि पूछताछ के दौरान नकदी और अन्य वित्तीय लेन-देन से जुड़े सवालों पर आरोपी पूरा सहयोग नहीं कर रहा है. जांच अधिकारी महादेव उनियाल के मुताबिक, टीम लगातार जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है, लेकिन आरोपी राजेंद्र चौहान कई महत्वपूर्ण सवालों के स्पष्ट जवाब नहीं दे रहा है. इससे जांच एजेंसियों का संदेह और बढ़ गया है.
जांच में सामने आ सकते हैं नए राज
SIT अब बरामद विदेशी मुद्रा, कीमती सामान और वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है. जांच अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और कई नए खुलासे हो सकते हैं. बद्रीनाथ धाम से जुड़े इस मामले पर पूरे प्रदेश की नजर बनी हुई है और जांच की दिशा को लेकर लोगों में उत्सुकता बढ़ गई है.
यह भी पढ़ें- हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में बदलाव: पुजारियों की जेब हुई बंद, चढ़ावे पर सख्ती के बाद लागू हुआ नया ड्रेस कोड