समाचार · मध्य प्रदेश
बालाघाट में व्यापारी के घर 50 लाख की डकैती:पेट्रोल मांगने के बहाने घर में घुसे चार हथियारबंद बदमाश; परिवार को बंधक बनाया, नकदी-जेवर लूटे
बालाघाट जिले के बैहर थाना क्षेत्र स्थित कुमादेही में 12-13 अगस्त की दरमियानी रात डकैती की बड़ी वारदात सामने आई है। चार हथियारबंद बदमाशों ने व्यापारी तेजराम ठाकरे के घर में घुसकर परिजनों से मारपीट की और करीब 50 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवर व नकदी लूटकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पेट्रोल मांगने के बहाने रात एक बजे खुलवाया दरवाजा पीड़ित व्यापारी तेजराम ठाकरे ने बताया कि रात करीब एक बजे एक युवक ने दरवाजा खटखटाया। उसने अपनी गाड़ी बंद होने और पेट्रोल मांगने का बहाना बनाया। जब तेजराम ने पेट्रोल न होने की बात कही, तो युवक जबरदस्ती दरवाजा पीटता रहा। जैसे ही तेजराम ने उसे मना करने के लिए दरवाजा खोला, उसके साथ दो अन्य बदमाश घर में घुस गए। चाकू-तलवार की नोक पर परिजनों से मारपीट तीनों बदमाशों ने तेजराम को जमीन पर पटक दिया और उसकी गर्दन पर चाकू व तलवार रख दी। शोर सुनकर पत्नी तानन ठाकरे बाहर आईं, तो बदमाशों ने उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद, बदमाशों ने पिस्टल और तलवार से धमकाते हुए तेजराम के बेटे प्रकाश ठाकरे को उसके कमरे से बाहर निकाला और बेल्ट से बेरहमी से पीटा। 13.50 लाख कैश और जेवर लूटे बदमाशों ने लोहे की रॉड से घर का संदूक तोड़ दिया। उन्होंने संदूक में रखे 10 तोला सोना (जिसमें रानी हार, मंगलसूत्र, कान के झुमके शामिल थे), दो किलो चांदी और 13.50 लाख रुपये नकद लूट लिए। बदमाशों ने तेजराम की पत्नी के गले से मंगलसूत्र और झुमके भी उतरवा लिए। कुल मिलाकर करीब 50 लाख रुपये का माल लूटने के बाद, आरोपी परिवार के सभी सदस्यों को एक कमरे में बंद कर फरार हो गए। बदमाशों ने परिवार के मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिए, ताकि वे घटना की सूचना किसी को न दे सकें। कमरे का दरवाजा तोड़कर पड़ोसियों को दी सूचना, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य बदमाशों के जाने के बाद परिवार ने किसी तरह कमरे का दरवाजा खोला और पड़ोसियों के फोन से पुलिस को सूचित किया। घटना की सूचना मिलते ही बैहर थाना पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।