Tuesday, 1 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

Heavy Rain Alert: किस राज्य में होगी बहुत भारी बारिश? IMD ने जारी किया 6 सितंबर तक का वेदर अपडेट

INT News1 September 2026 at 06:01 am

Heavy Rain Alert: मौसम विभाग ने प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि 1से 2 सितंबर तक जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कई जगह बारिश हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में 4 सितंबर तक और उत्तराखंड में 1 से 6 सितंबर तक बारिश की संभावना है. इस दौरान कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है.

1 से 6 सितंबर के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई जगह बारिश होने की संभावना है. वहीं, 3 से 5 सितंबर तक हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है. इन इलाकों में कई स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है.

मध्य प्रदेश का मौसम कैसा रहेगा?

1 से 2 सितंबर तक पश्चिमी मध्य प्रदेश में कई जगह बारिश हो सकती है. वहीं, 4 से 6 सितंबर के बीच विदर्भ में भी बारिश की संभावना है. पूर्वी मध्य प्रदेश में 1 से 6 सितंबर तक कई इलाकों में बारिश हो सकती है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 3 से 6 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.

ये भी पढ़ें: Heavy Rain Alert : छत्तीसगढ़ में होगी भारी बारिश, 1 सितंबर को रेड अलर्ट, 2-3-4 को येलो अलर्ट

दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-NCR में आगामी तीन दिनों (1 से 3 सितंबर 2026) तक बादलों का डेरा रहेगा और हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी. 1 सितंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और तड़के सुबह से दोपहर के दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. 2 सितंबर को तापमान में गिरावट आएगी (अधिकतम 32-34°C, न्यूनतम 23-25°C) और आमतौर पर बादल छाए रहने के साथ सुबह से दोपहर तक कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश व गरज-चमक होगी, जबकि दोपहर से शाम के बीच कई जगहों पर हल्की बारिश का एक और दौर आ सकता है. वहीं 3 सितंबर को भी बादल छाए रहने और हल्की वर्षा होने की संभावना बनी रहेगी.

राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा?

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, 2-3 सितंबर से भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां शुरू होंगी. 4 से 7 सितंबर के दौरान जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभागों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. इस दौरान विशेषकर कोटा संभाग और आसपास के क्षेत्रों में मध्यम से तेज या भारी बारिश के आसार हैं. दूसरी ओर, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभागों में मानसून की स्थिति कमजोर बनी रहेगी, हालांकि 4 से 6 सितंबर के बीच शेखावाटी क्षेत्र और बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

बिहार का मौसम कैसा रहेगा?

1 सितंबर 2026 को बिहार के मौसम में काफी विविधता देखने को मिलेगी. राज्य के दक्षिण-पश्चिमी और मध्य जिलों जैसे पटना, गया, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, नवादा, नालंदा, अरवल और जहानाबाद में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. यहां मेघगर्जन और तेज हवाओं (30-40 किमी/घंटा) के साथ भारी बारिश की संभावना है. वहीं, उत्तर-पश्चिमी जिलों (पश्चिम चंपारण, पूर्व चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण) तथा दक्षिण-पूर्वी जिलों (भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया) के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. यहां मेघगर्जन और झोंकेदार हवाओं की चेतावनी दी गई है। इसके विपरीत, उत्तर और उत्तर-पूर्वी बिहार के सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज जैसे जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है.

ये भी पढ़ें: IMD अलर्ट : सितंबर में सामान्य से कम होगी बारिश, अगस्त ने तोड़ा 125 साल की गर्मी का रिकॉर्ड

झारखंड का मौसम कैसा रहेगा?

मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में 1 और 2 सितंबर 2026 को तेज हवाओं और भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. 1 सितंबर को राज्य के उत्तर-पश्चिमी (गढ़वा, पलामू, लातेहार), मध्य (लोहरदगा, गुमला) और दक्षिणी (सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम) भागों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने के आसार हैं, जबकि मध्य (रांची, खूंटी), सटे उत्तर-पश्चिमी (चतरा) और दक्षिणी (सरायकेला-खरसावां) इलाकों में भारी बारिश की संभावना है. वहीं 2 सितंबर को भी उत्तर-पश्चिमी के अलावा दक्षिण-पश्चिमी भागों (विशेषकर गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम) में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने का अनुमान है.