समाचार · मध्य प्रदेश
मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहे अवैध अस्पताल:बैतूल में प्रशासन की टीम छापा मारकर 2 क्लिनिक सील किए
बैतूल के भीमपुर ब्लॉक के चिखली पंचायत में हाईवे किनारे मेडिकल स्टोर की आड़ में संचालित किए जा रहे अवैध क्लिनिक और अस्पताल पर प्रशासन की टीम ने सोमवार देर शाम छापा मारा। स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो स्थानों पर चल रहे क्लिनिक को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान एक स्थान पर करीब आठ बिस्तरों का अस्पताल संचालित होता मिला। जहां मरीजों को भर्ती कर उपचार किया जा रहा था। प्रभारी बीएमओ डॉ. पंकज उइके ने बताया कि टीम ने चिखली में मेडिकल स्टोर और उनसे जुड़े क्लिनिक की जांच की। जांच में जयंत विश्वास के मेडिकल स्टोर के ऊपर करीब आठ बिस्तरों का क्लिनिक चर रहा था। मौके पर पांच से सात मरीज भर्ती मिले। मरीजों को बोतलें लगाई गई थीं। एलोपैथी दवाओं का इस्तेमाल किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि मेडिकल स्टोर संचालक के पास फार्मेसी के दस्तावेज मिले। लेकिन क्लिनिक चलाने की अनुमति से जुड़े दस्तावेज नहीं थे। टीम ने क्लिनिक और मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। इसी दौरान टीम को सामने स्थित गुर्जर मेडिकल स्टोर पर भी क्लिनिक संचालित होता मिला। यहां संचालक अनूप कासदे द्वारा करीब दो बिस्तरों का क्लिनिक चलाया जाना पाया गया। स्थानीय लोगों ने टीम को बताया कि जैमिनी विश्वास लंबे समय से क्षेत्र में मरीजों का इलाज कर रहे थे। बीएमओ डॉ. पंकज कहा कि सभी अवैध क्लिनिक सील कर दिए गए हैं। संबंधित संचालकों को भीमपुर पुलिस चौकी लाकर पूछताछ और आगे की कार्रवाई की जा रही है।