समाचार · मध्य प्रदेश
रेस्टोरेंट कर्मचारी की हत्या के बाद चक्काजाम:3 घंटे बाधित रहा इंदौर-उज्जैन मार्ग; भीड़ के खिलाफ एफआईआर दर्ज
इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में रेस्टोरेंट कर्मचारी श्रीराम राजपूत की हत्या के बाद सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन और चक्काजाम करने के मामले में पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि दीपमाला चौराहे पर शव रखकर इंदौर-उज्जैन मार्ग को 3 घंटे से ज्यादा समय तक बाधित किया गया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। समझाइश के बाद भी लगाया चक्काजाम पुलिस के मुताबिक, मृतक के शव को सड़क पर रखकर श्याम सिंह राजपूत, देवेंद्र सिंह राजपूत, देवेन्द्र, राजपाल, बादल जायसवाल, बलराज उर्फ बलवीर, सोनू सिंह राजपूत, राज राजपूत, जय डीजे सहित अन्य लोगों ने बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन किया। पुलिस ने सभी के खिलाफ रास्ता बाधित करने के मामले में कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद मृतक के परिजनों को समझाइश दी गई थी। उन्हें बताया गया था कि आरोपी राहुल भाटी को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिजन पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट भी थे। पोस्टमार्टम के बाद घर के लिए रवाना होने के दौरान परिवार के लोगों को अन्य लोगों ने उकसाया। इसके बाद शव को रास्ते में रखकर जाम लगा दिया गया। 3 घंटे से ज्यादा लगा रहा जाम चक्काजाम के कारण दीपमाला चौराहे और आसपास के मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब 3 घंटे से ज्यादा समय तक दोनों तरफ जाम लगा रहा। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम से फोर्स को मौके पर भेजना पड़ा।