समाचार · हरियाणा
करनाल में ट्रक से 260 कट्टे सीमेंट गायब:ड्राइवर पर पर आरोप, फतेहगढ़ साहिब से निकला था लेकर माल, जीपीएस से सेक्टर-4 में मिली गाड़ी
करनाल में एक ट्रक से 260 कट्टे सीमेंट गायब होने का मामला सामने आया है। ट्रक मालिक ने अपने ड्राइवर पर 13 मीट्रिक टन 260 कट्टे सीमेंट खुर्द-बुर्द करने और माल की हेराफेरी करने का आरोप लगाया है। यह सीमेंट करनाल के पराशर बिल्डिंग मटेरियल पर पहुंचाया जाना था। ट्रांसपोर्ट से माल नहीं पहुंचने की सूचना मिलने के बाद मालिक ने ड्राइवर से संपर्क किया, लेकिन आरोप है कि वह संतोषजनक जवाब देने के बजाय गाली-गलौज करने लगा। जीपीएस से ट्रक सेक्टर-4 करनाल में मिला। शिकायत के आधार पर थाना शहर करनाल पुलिस ने 28 अक्टूबर को ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 18 अक्टूबर को माल लेकर गया था ड्राइवर
पानीपत की असंध रोड स्थित दत्ता कॉलोनी के शुभम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पास ट्रक है। इस पर उन्होंने उत्तर प्रदेश के बलवा निवासी दानिश को ड्राइवर रखा हुआ था। शिकायत के अनुसार, दानिश 18 अक्टूबर को ट्रक में माल लोड करके फतेहगढ़ साहिब के लिए निकला था। वहां माल खाली करने के बाद वह शंभू स्थित अबुजा फैक्टरी पहुंचा। 20 अक्टूबर को लोड किया था 260 कट्टे सीमेंट
शिकायतकर्ता के अनुसार, 20 अक्टूबर को अबुजा फैक्टरी से 13 मीट्रिक टन सीमेंट के 260 कट्टे लोड किए गए थे। यह माल करनाल में पराशर बिल्डिंग मटेरियल पर पहुंचाना था। ड्राइवर से फोन पर बात हुई तो उसने बताया कि दशहरा होने के कारण गाड़ी अगले दिन यानी 21 अक्टूबर को खाली होगी।
21 अक्टूबर को दोबारा बात करने पर ड्राइवर ने कहा कि उसने दूसरा ड्राइवर भेज दिया है, जो गाड़ी खाली करवाकर उनके पास पहुंच जाएगा। हालांकि, उसी शाम फोन करने पर उसने अगले दिन आने की बात कही। ट्रांसपोर्ट से फोन आने पर खुला मामला
शिकायतकर्ता के अनुसार, 22 अक्टूबर को ट्रांसपोर्ट की ओर से फोन आया कि पराशर बिल्डिंग मटेरियल तक सीमेंट नहीं पहुंचा है। इसके बाद शुभम ने ड्राइवर से संपर्क किया तो आरोप है कि वह गाली-गलौज करने लगा और माल के बारे में जानकारी देने से बचने लगा। शुभम ने आरोप लगाया कि ड्राइवर ने सीमेंट खुर्द-बुर्द कर विश्वासघात किया है। जीपीएस से ट्रक की लोकेशन जांचने पर गाड़ी सेक्टर-4, करनाल में मिली। उत्तर प्रदेश में तलाश करने पर भागने का आरोप
शुभम ने शिकायत में बताया कि वह ड्राइवर के घर और रिश्तेदारों के यहां उत्तर प्रदेश में भी पता करने गया था, लेकिन आरोप है कि उन्हें देखकर ड्राइवर वहां से भाग गया। शिकायतकर्ता ने पुलिस से 260 कट्टे सीमेंट बरामद करवाने और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उसने बिल्टी और बिल सहित संबंधित दस्तावेज भी शिकायत के साथ लगाए। पुलिस ने किया मामला दर्ज
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस चौकी सेक्टर-4 करनाल में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच एसआई राजबीर सिंह कर रहे है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।