Tuesday, 25 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

टीकमगढ़ में कुंडेश्वर महादेव का महारुद्र रूप में श्रृंगार:सावन के अंतिम सोमवार पर हजारों श्रद्धालु उमड़े, रुद्राक्ष का मुकुट आकर्षण का केंद्र रहा

INT News25 August 2026 at 08:23 am

टीकमगढ़ के प्रसिद्ध शिव धाम कुंडेश्वर में सावन के चौथे और अंतिम सोमवार को भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शनों के लिए उमड़े। मंदिर में शाम 5 बजे तक गर्भ गृह भक्तों के लिए बंद कर दिया गया था। इसके बाद भोलेनाथ का महारुद्र के रूप में आकर्षक श्रृंगार शुरू हुआ। सवा किलो भांग का उपयोग कर तीन घंटे में यह श्रृंगार पूरा किया गया। 15 हजार रुद्राक्ष का मुकुट पहनाया श्रृंगार के दौरान 15 हजार रुद्राक्ष से भोलेनाथ का मुकुट और अन्य आभूषण बनाए गए, जो भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। शाम 7:30 बजे ढोल-नगाड़ों के साथ भोलेनाथ की महा आरती की गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु एक झलक पाने के लिए मौजूद थे। बुंदेलखंड पीठाधीश्वर महंत सीताराम दास महाराज सहित कई साधु-संत भी कुंडेश्वर पहुंचे। कुंडेश्वर के अलावा महेंद्र सागर तालाब स्थित प्रतापेश्वर मंदिर, महावीर कॉलोनी स्थित चंद्रेश्वर महादेव, सिद्ध बाबा मंदिर और ब्राह्मण कॉलोनी स्थित जागेश्वर धाम सहित अन्य मंदिरों में भी भगवान भोलेनाथ का आकर्षक श्रृंगार किया गया। सुबह से शाम तक कावड़ यात्रियों के लिए प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन भी चला। कुंडेश्वर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष अभिषेक पस्तोर ने बताया कि सावन के अंतिम सोमवार को करीब 1 लाख से अधिक श्रद्धालु भोलेनाथ के दर्शन करने मंदिर पहुंचे। देर रात तक भजन संध्या और दर्शनों का सिलसिला जारी रहा। शिव धाम कुंडेश्वर की अन्य तस्वीरें…