Monday, 17 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मंदसौर के बंशीलाल गुर्जर बने किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष:नितिन नबीन की टीम में संभालेंगे जिम्मेदारी, तीन दशक में सरपंच से राज्यसभा तक का सफर

INT News17 August 2026 at 09:53 pm

भाजपा ने मंदसौर के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम में उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई। किसान राजनीति और संगठन में लंबे अनुभव के कारण उनकी नियुक्ति को अहम माना जा रहा है। सरपंच से शुरू किया राजनीतिक सफर बंशीलाल गुर्जर ने तीन दशक से ज्यादा पहले ग्राम लालघाटी के सरपंच के रूप में राजनीति शुरू की थी। इसके बाद वे भाजपा के ग्रामीण मंडल अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष रहे। उन्होंने प्रदेश स्तर पर भी कई जिम्मेदारियां संभालीं। किसान नेता के तौर पर भी उनकी पहचान बनी। वे लंबे समय तक मंदसौर कृषि उपज मंडी से जुड़े रहे। इस दौरान तीन बार मंडी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। किसान मोर्चा में भी संभाली कई जिम्मेदारियां भाजपा किसान मोर्चा में सक्रियता बढ़ने के बाद गुर्जर को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। इसके बाद वे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राष्ट्रीय महामंत्री भी रहे। पार्टी ने उन्हें कई राज्यों में चुनाव और संगठन से जुड़े काम की जिम्मेदारी भी दी। उन्हें मध्यप्रदेश के अलावा राजस्थान, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और गुजरात में चुनाव एवं संगठनात्मक गतिविधियों की जिम्मेदारी दी गई। उन्हें हुडको के डायरेक्टर की जिम्मेदारी भी मिली थी। 2024 में राज्यसभा पहुंचे फरवरी 2024 में भाजपा ने बंशीलाल गुर्जर को मध्यप्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया था। वे निर्विरोध चुने गए। उनका राज्यसभा कार्यकाल 2024 से 2030 तक है। राज्यसभा में भी उनका फोकस कृषि और किसानों से जुड़े मुद्दों पर रहा। वे कृषि, पशुपालन एवं खाद्य प्रसंस्करण संबंधी संसदीय समिति के सदस्य रहे। उन्होंने किसानों की फसलों को नीलगाय और जंगली सूअर जैसे वन्यजीवों से होने वाले नुकसान सहित कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाए। संसद में उनकी उपस्थिति करीब 92 प्रतिशत रही है। उन्होंने 116 बहसों में हिस्सा लिया है। बोले- संगठन की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा से काम करूंगा किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से बातचीत में बंशीलाल गुर्जर ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, गृहमंत्री अमित शाह सहित पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन की अपेक्षाओं के अनुसार पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करेंगे। किसान मोर्चा को गांव-गांव और खेत-खेत तक और अधिक सक्रिय बनाने का प्रयास रहेगा। गुर्जर ने कहा कि किसान भारत की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण जीवन की आधारशिला है। किसानों तक केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और उनकी समस्याओं को संगठन के माध्यम से सरकार तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कृषि में नवाचार, प्राकृतिक और आधुनिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने और युवा किसानों को नई तकनीक से जोड़ने की दिशा में काम करने की बात कही। जिला भाजपा कार्यालय में हुआ स्वागत नई जिम्मेदारी मिलने के बाद बंशीलाल गुर्जर के समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्हें बधाई देने का सिलसिला जारी है। देर शाम जिला भाजपा कार्यालय में किसान मोर्चा के नवागत राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया गया। समर्थकों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। बंशीलाल गुर्जर की नियुक्ति इसलिए भी अहम मानी जा रही है कि वे लंबे समय तक किसान संगठन से जुड़े रहे हैं और वर्तमान में राज्यसभा सांसद के रूप में संसदीय अनुभव भी रखते हैं।