समाचार · मध्य प्रदेश
सतना में अस्पताल पहुंचने से पहले एम्बुलेंस में हुई डिलीवरी:नर्सिंग स्टाफ ने तुरंत संभाली जिम्मेदारी, जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ
सतना के मैहर जिले के रामनगर से सतना जिला अस्पताल रेफर की गई 25 वर्षीय गर्भवती महिला ने अस्पताल पहुंचने से ठीक पहले एम्बुलेंस में ही बच्चे को जन्म दे दिया। महिला को पुरानी मेडिकल हिस्ट्री और वॉटर डिस्चार्ज के चलते सतना रेफर किया गया था। एम्बुलेंस जैसे ही जिला अस्पताल की ड्योढ़ी पर पहुंची, महिला की डिलीवरी हो गई। इसके बाद नर्सिंग स्टाफ ने तत्काल नवजात की नाल काटी और दोनों को प्रसूति वार्ड में भर्ती कराया। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं। पुरानी मेडिकल हिस्ट्री के चलते किया गया था रेफर रामनगर निवासी रेखा पाठक को शुक्रवार सुबह प्रसव पीड़ा के चलते सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों और नर्सिंग ऑफिसर ने महिला की स्थिति पर निगरानी रखी। मेडिकल ऑफिसर डॉ. महेंद्र मीणा के मुताबिक, महिला की पुरानी मेडिकल हिस्ट्री भी जोखिम वाली थी। करीब आठ साल पहले पहली डिलीवरी के दौरान गर्भस्थ शिशु के गंदा पानी पी लेने की वजह से उन्हें सतना जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा था। इस बार भी वॉटर डिस्चार्ज और पुरानी मेडिकल हिस्ट्री को देखते हुए डॉक्टरों ने महिला को सतना जिला अस्पताल भेजने का निर्णय लिया। अस्पताल पहुंचने से पहले एम्बुलेंस में हुई डिलीवरी रामनगर से सतना के लिए रवाना हुई महिला की हालत रास्ते में बिगड़ने लगी। शाम करीब 6:30 बजे एम्बुलेंस सतना जिला अस्पताल की ड्योढ़ी पर पहुंची, लेकिन अस्पताल के अंदर ले जाने से पहले ही महिला ने एम्बुलेंस में बच्चे को जन्म दे दिया। एम्बुलेंस क्रमांक CG 04 NZ 1215 के स्टाफ ने तत्काल प्रसूति विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही नर्सिंग स्टाफ मौके पर पहुंचा और व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई। नर्सिंग स्टाफ ने संभाली स्थिति नर्सिंग ऑफिसर ने मौके पर ही नवजात की नाल काटी। इसके बाद मां और बच्चे को तत्काल प्रसूति वार्ड में भर्ती कराया गया। अस्पताल में दोनों की आवश्यक जांच और देखभाल की गई। फिलहाल मां और नवजात दोनों की हालत स्वस्थ बताई जा रही है।